कांग्रेस, विपक्षी गठबंधन के सहयोगी जाति जनगणना के नाम पर वोट लेने के लिये चिंतित: नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 Jan 2024 08:15 PM
कांग्रेस, विपक्षी गठबंधन के सहयोगी जाति जनगणना के नाम पर वोट लेने के लिये चिंतित: नड्डा
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में सहयोगी केवल जाति जनगणना के नाम पर वोट हासिल करने में रुचि रखते हैं और उन्हें विभिन्न वर्गों के कल्याण की कोई परवाह नहीं है. वह अहमदाबाद के थलतेज इलाके में गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित कर रहे थे. नड्डा ने मंच से गुजरात के बाकी 25 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए भी इसी तरह के कार्यालयों का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “कांग्रेस और इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) के घटक दल जाति जनगणना के बारे में बात कर रहे हैं. उन्हें जातियों के कल्याण की चिंता नहीं है, बल्कि उनकी रुचि जातीय जनगणना के नाम पर वोट हासिल करने में है.” जहां विपक्षी दलों ने वोट बैंक की राजनीति की, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘जीवाईएएन’ (गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति) की अवधारणा देकर देशवासियों को एकजुट किया.

उन्होंने कहा, “मोदीजी ने कहा कि गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति ही भारत में सिर्फ चार जातियां हैं. हम उनके लिये काम करेंगे. जबकि विपक्षी गठबंधन इंडिया जाति और धर्म के नाम पर देश को बांट रहा है, मोदी जी ने जीवाईएएन की परिकल्पना से देश को जोड़ा है.” उन्होंने कहा कि इन चार श्रेणियों में हर कोई शामिल है, चाहे वह किसी भी जाति या धर्म का हो. नड्डा ने दावा किया कि लगभग 50 करोड़ लोग अब आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आते हैं, जिसमें लाभार्थियों को उनकी आय के आधार पर सालाना पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है, न कि “जाति के आधार पर”.

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने जवाबदेही और विश्वसनीयता की राजनीति शुरू करके भारत में राजनीति की परिभाषा और संस्कृति को बदल दिया, जिसमें केवल प्रदर्शन के आधार पर वोट मांगे जाते हैं.” नड्डा ने विश्वास जताया कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखेगी और मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे. भाजपा 2014 से प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटें जीत रही है. नड्डा ने कहा कि भाजपा आगामी चुनाव में गुजरात में इस प्रदर्शन की ‘हैट्रिक’ बनाएगी.

भाजपा प्रमुख ने कहा, “आज, मोदीजी के नेतृत्व में भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. जब आप एक बार फिर मोदीजी को हमारे प्रधानमंत्री के रूप में चुनेंगे तो भारत 2028 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा.” अयोध्या मंदिर में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने कहना शुरू कर दिया है कि वे भी भगवान राम की पूजा करते हैं. उन्होंने आश्चर्य जताया कि ये नेता पहले चुप क्यों रहे.

नड्डा ने कहा, “मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि आपने ये बात पहले क्यों नहीं कही. कांग्रेस ने भाजपा पर इस मुद्दे को भुनाने का आरोप लगाया है. मैंने उन्हें बताया कि जब कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण में बाधाएं पैदा करने की कोशिश की थी तो यह भाजपा कार्यकर्ता ही थे जिन्होंने इस उद्देश्य के लिए अपना सब कुछ बलिदान करने की कसम खाई थी.” नड्डा ने कहा, “हम इसका फायदा नहीं उठा रहे हैं. हम भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं कि एक सपना सच हो गया है जिसके लिए हमारे पूर्वजों ने 500 वर्षों तक संघर्ष किया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu