
होशियारपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘संविधान-संविधान की रट लगाने’ के लिए बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उसने आपातकाल के दौरान ही उसका ‘गला घोंट’ दिया था तथा जब 1984 के दंगों में सिखों की हत्या हो रही थी तब भी उसने इसकी कोई परवाह नहीं की.
मोदी ने सात चरण में हो रहे लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में अपनी आखिरी चुनावी रैली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) गठबंधन के खिलाफ हमला तेज करते हुए उस पर सेना को ‘राजनीति का हथियार’ बनाने का आरोप लगाया और कहा कि इससे बड़ा ‘कोई पाप’ नहीं हो सकता. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन ने भारतीय सशस्त्र बलों को कमजोर करने के लिए कभी कोई कसर नहीं छोड़ी.
कांग्रेस को निशाना बनाते हुए मोदी ने जीप घोटाले, बोफोर्स, पनडुब्बी और सेना के ट्रक घोटाले का जिक्र किया और कहा कि उन्होंने सेना की जरूरतों की कभी परवाह नहीं की. मोदी ने आरोप लगाया, ”उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त होकर केवल सरकारी खजाने को लूटने और खाली करने की योजना बनाई.” होशियारपुर से पार्टी उम्मीदवार अनीता सोम प्रकाश और आनंदपुर साहिब से उम्मीदवार सुभाष शर्मा के पक्ष में यहां आयोजित रैली में प्रधानमंत्री ने आरक्षण, भ्रष्टाचार और राम मंदिर के मुद्दों पर भी बात की.
भाजपा के सत्ता में आने पर संविधान को खत्म करने के कांग्रेस के आरोप पर पलटवार करते हुए मोदी ने कहा, ”आजकल देश के लोग इंडी गठबंधन वालों से संविधान-संविधान की रट सुन रहे हैं. ये वो लोग हैं जिन्होंने आपातकाल के दौरान संविधान का गला घोंट दिया था. जब 84 के दंगों में सिखों के गले में टायर बांधकर जलाया जा रहा था, तब इन्हें संविधान की याद नहीं आई.” उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन की मंशा खतरनाक है. उन्होंने कहा, ”पिछले 10 सालों में मैंने हमेशा एससी/एसटी/ओबीसी के लिए आरक्षण की रक्षा की है.”
प्रधानमंत्री ने कहा, ”कांग्रेस और इंडिया गठबंधन मेरे प्रयासों से नाराज है. आरक्षण को लेकर उनकी नीयत खतरनाक है. उनका पूरा ट्रैक रिकॉर्ड एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण छीनने का रहा है.” मोदी ने कहा कि उन्होंने हमेशा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण की रक्षा की है.
विपक्ष पर संविधान की भावना और बी आर अंबेडकर की भावनाओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वे (विपक्ष) सरकारी नौकरियों, खेल, सरकारी निविदाओं और विश्वविद्यालयों में प्रवेश में धर्म के आधार पर आरक्षण चाहते हैं. प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष दलितों और दबे-कुचले लोगों से आरक्षण छीनकर मुसलमानों को आरक्षण का अधिकार देना चाहता है. उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन की आलोचना करते हुए आरोप लगाया, ”धर्म के आधार पर देश को बांटने की यह बहुत बड़ी साजिश है.” भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने इसे ‘भ्रष्टाचार की जननी’ करार दिया और कहा कि पार्टी ने भ्रष्टाचार में दोहरी पीएचडी की है. आप पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि अब ‘कट्टर भ्रष्टाचारी’ ने कांग्रेस से हाथ मिला लिया है.
उन्होंने कहा, ”आप देख रहे हैं कि वे यहां (पंजाब में) एक-दूसरे के खिलाफ लड़ने का नाटक कर रहे हैं. दिल्ली में वे एक साथ लड़ रहे हैं.” आप को ‘भयंकर झूठी पार्टी’ करार देते हुए मोदी ने कहा कि आप ने कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में पहली सरकार बनाई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि आप ने भ्रष्टाचार में लिप्त होने का सबक कांग्रेस से सीखा है. उन्होंने कहा कि ‘कट्टर भ्रष्टचारी’ (आप) का जन्म सबसे पुरानी पार्टी की कोख से हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी स्थापना के बाद से ही आप भ्रष्ट पार्टी रही है. मोदी ने आरोप लगाया कि आप का दावा है कि वह राज्य से नशीले पदार्थ के खतरे को खत्म कर देगी जबकि उन्होंने सरकार बनाने के बाद इसे अपनी आय का स्रोत बना लिया.
उन्होंने कहा, ”पूरी दुनिया को अब दिल्ली शराब घोटाले के बारे में पता चल गया है. यहां (पंजाब में) अवैध खनन माफिया बड़े पैमाने पर हैं. ‘कट्टर भ्रष्टाचारी और भयंकर झूठवादी’ ने पंजाब को ‘गैंगवार’ में धकेल दिया. उन्होंने पंजाब में उद्योग और खेती को नष्ट कर दिया है.” मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन की स्वार्थ की राजनीति से देश को नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा, ”यही लोग हैं, जो अपने वोट बैंक के लिए लगातार राम मंदिर का विरोध करते रहे. तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इंडी गठबंधन सीएए (संशोधित नागरिकता कानून) का विरोध कर रहा है.” मोदी ने कहा कि दशकों बाद ऐसा समय आया है कि पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है. गुरु रविदास को याद करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि गरीब कल्याण उनकी सरकार की बहुत बड़ी प्राथमिकता है और इसके पीछे गुरु रविदास जी की प्रेरणा है. उन्होंने कहा कि देश ने पिछले 10 वर्षों के दौरान अभूतपूर्व विकास देखा है.
उन्होंने कहा, ”दशकों बाद ऐसा समय आया है कि पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है. और इसकी सबसे बड़ी वजह है विकसित भारत का सपना. आज हर भारतीय विकसित भारत के सपने के साथ जुड़ गया है और इसलिए हर देशवासी हमें आशीर्वाद दे रहा है.” स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से ‘यही समय है, सही समय है’ के अपने उद्घोष का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि 21वीं सदी भारत की सदी होगी.
उन्होंने कहा, ”पिछले 10 साल में भारत ने जो विकास करके दिखाया है, वह अभूतपूर्व रहा है. आज जब पंजाब के लोग, दूसरे राज्यों के लोग विदेश जाते हैं तो खुद देखते हैं कि वहां भारत और भारतीयों की इज्जत कितनी बढ. गई है.” उन्होंने कहा कि जब देश में दमदार सरकार होती है तो विदेशी सरकारें भी ‘हमारा दम’ देखती हैं.
उन्होंने कहा, ”वीरों की इस धरती के लोगों से अधिक और कौन जानेगा कि दमदार सरकार क्या होती है. दमदार सरकार…जो दुश्मन के छक्के छुड़ा दे. जो दुश्मन को घर में घुसकर मारे. जो भारत को आत्मनिर्भर बनाए. जो भारत को समृद्ध बनाए.” उन्होंने कहा, ”गरीब कल्याण मेरी सरकार की बहुत बड़ी प्राथमिकता है और इसके पीछे गुरु रविदास जी की प्रेरणा है.” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि स्थानीय आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास के नाम पर रखा जाए. उन्होंने इसे इस चुनाव की अपनी आखिरी जनसभा बताते हुए कहा कि होशियारपुर को ‘छोटी काशी’ कहा जाता है और यह गुरु रविदास की ‘तपोभूमि’ है.
उन्होंने कहा, ”वाराणसी से मैं सांसद हूं, और वहां गुरु रविदास का जन्म हुआ था. इसलिए होशियारपुर की इस पवित्र भूमि पर चुनाव प्रचार का समापन मेरे लिए गर्व की बात है.” कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने र्सिजकल स्ट्राइक के सबूत मांगे और सेना की कभी परवाह नहीं की तथा सरकारी खजाने को खाली कर दिया. प्रधानमंत्री ने कहा कि हर भारतीय विकसित भारत के सपने से जुड़ा हुआ है और हमें आशीर्वाद दे रहा है. पंजाब की 13 संसदीय सीट के लिए लोकसभा चुनाव के अंतिम और सातवें चरण में एक जून को मतदान होगा.



