कांग्रेस का राष्ट्रवाद देश जोड़ने का, भाजपा का राष्ट्रवाद देश तोड़ने का: पायलट

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 09 Apr 2025 04:10 PM
कांग्रेस का राष्ट्रवाद देश जोड़ने का, भाजपा का राष्ट्रवाद देश तोड़ने का: पायलट
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद: कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने राष्ट्रवाद के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बुधवार को तीखा प्रहार किया और कहा कि अब समय आ गया है कि धर्म-जाति, भाषा, क्षेत्रवाद, पहनावा और खानपान की दुहाई देकर सत्ता को हथियाने वालों को करारा जवाब दिया जाए।

उन्होंने यहां कांग्रेस अधिवेशन में पार्टी का प्रस्ताव चर्चा के लिए रखते हुए यह दावा भी किया कि कांग्रेस का राष्ट्रवाद देश को जोड़ने का, जबकि भाजपा का राष्ट्रवाद देश को तोड़ने का है। पायलट ने कहा, “देश में जो हालात बने हैं, वो सबके सामने हैं। पिछले दस साल में महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक असमानता और धार्मिक ध्रुवीकरण ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी हैं।”

उनका कहना था, ‘‘इसलिए कांग्रेस अब नफरत, नकारात्मकता और निराशा के वातावरण को बदलकर न्याय और संघर्ष के रास्ते पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।’’ पायलट ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग राष्ट्रवाद का चोला ओढकर वोट बटोरने का काम करते हैं, मैं उन्हें बता दूं कि कांग्रेस पार्टी का जन्म देश की आजादी के लिए हुआ था। कांग्रेस पार्टी के इतिहास में हमारे नेताओं ने जो कुर्बानियां दी हैं, ऐसा कोई दूसरा उदाहरण पूरी दुनिया में नहीं है।”

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस के नेताओं ने देश को अखंड रखने के लिए छाती पर गोलियां खाई हैं, (और) यह कांग्रेस का राष्ट्रवाद है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि कांग्रेस का राष्ट्रवाद देश को जोड़ने का है, जबकि भाजपा का राष्ट्रवाद देश को तोड़ने का है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस का राष्ट्रवाद देश की अनेकता को एकता में मिलाने का है और भाजपा का राष्ट्रवाद अनेकता में एकता को खत्म करने का है। पायलट ने कहा कि अब समय आ गया है कि धर्म-जाति, भाषा, क्षेत्रवाद, पहनावा और खानपान की दुहाई देकर सत्ता को हथियाने वालों को कड़ा जवाब दिया जाए और आईना दिखाया जाए।

उनका कहना था, ‘‘जो लोग आज कांग्रेस-मुक्त भारत बनाने की बात करते हैं, मैं उन्हें बता दूं कि राजीव गांधी जी जब प्रधानमंत्री बने थे, तब कांग्रेस के पास 400 से ज्यादा सांसद थे.. लेकिन हमने उन्हें यह बोलते हुए कभी नहीं सुना कि वह विपक्ष-मुक्त देश बनाना चाहते हैं।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस की जड़ें गुजरात के साथ ही पूरे देश में बहुत गहरी हैं। पायलट ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 400 पार का नारा देने वालों को देश ने आईना दिखा दिया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital