देशवासियों ने भाजपा और राजग पर पूर्ण विश्वास जताया है: मोदी

नयी दिल्ली/लखनऊ. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को ‘विकसित भारत’ के प्रण की जीत करार दिया और कहा कि इस चुनाव में देशवासियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके नेतृत्व वाले गठबंधन पर ‘पूर्ण विश्वास’ जताया है.

चुनाव नतीजे स्पष्ट होने के बाद भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ”आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है. ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है. ये विकसित भारत के प्रण की जीत है. ये सबका साथ-सबका विकास के मंत्र की जीत है. ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है.” लोकसभा चुनाव के अब तक आए नतीजों के मुताबिक भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की ओर अग्रसर है लेकिन बहुमत से वह दूर नजर आ रही है. भाजपा अब तक 163 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है जबकि 77 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे हैं. भाजपा कुल मिलाकर 240 सीटों पर आगे है, लेकिन 543 सदस्यों वाली लोकसभा में बहुमत के लिए आवश्यक 272 के जादुई आंकड़े से वह पीछे है. राजग का आंकड़ा 300 के करीब पहुंचता दिख रहा है.

मोदी ने कहा, ”आज बड़ा मंगल है और इस पावन दिन राजग की लगातार तीसरी बार सरकार बननी तय है. हम सभी जनता-जनार्दन के बहुत आभारी हैं. देशवासियों ने भाजपा और राजग पर पूर्ण विश्वास जताया है.” उन्होंने कहा कि 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है.

राजग की तीसरी बार जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर देश की जनता की मुहर है: योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की आम चुनाव में तीसरी बार जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति, नेतृत्व और निर्णयों पर देश की जनता की मुहर बताया. आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”भारत की जनता-जनार्दन ने लगातार तीसरी बार राजग को स्पष्ट बहुमत प्रदान किया है. अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में राजग को पूर्ण बहुमत का जनादेश प्राप्त हुआ है. यह आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की नीति, नेतृत्व और निर्णयों पर देश की जनता के विश्वास की मुहर है.” उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, ”परिवार भाव के साथ जुटे भाजपा-राजग गठबंधन के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों का धन्यवाद एवं जनता-जनार्दन का आभार! भारत माता की जय!.ह्व

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button