कंगना रनौत की शिकायत पर जावेद अख्तर के खिलाफ कार्यवाही पर अदालत ने रोक लगायी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Aug 2023 08:17 PM
कंगना रनौत की शिकायत पर जावेद अख्तर के खिलाफ कार्यवाही पर अदालत ने रोक लगायी
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई की एक सत्र अदालत ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की ओर से दर्ज करायी गयी शिकायत के सिलसिले में वरिष्ठ गीतकार जावेद अख्तर के खिलाफ कार्यवाही पर बृहस्पतिवार को रोक लगा दी. जावेद अख्तर के अधिवक्ता जय भारद्वाज ने कहा, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (दिंडोशी अदालत) ए.जेड. खान ने आदेश पारित किया. कंगना की शिकायत पर एक मजिस्ट्रेट द्वारा अख्तर को जारी समन के खिलाफ उनकी पुनरीक्षण याचिका पर अदालत सुनवाई कर रही थी.

अभिनेत्री ने अपनी शिकायत में अख्तर पर ”जबरन वसूली और आपराधिक धमकी” का आरोप लगाया है. अंधेरी मेट्रोपॉलिटिन मजिस्ट्रेट की अदालत ने 24 जुलाई को समन जारी करते हुए जबरन वसूली का आरोप हटा दिया था. अदालत ने हालांकि कहा था कि अख्तर के खिलाफ आपराधिक धमकी के मामले को आगे बढ़ाने के लिये पर्याप्त आधार हैं .

सत्र अदालत में अख्तर की पुनरीक्षण याचिका में कहा गया कि समन ”जल्दबाजी और अनुचित तरीके” से जारी किया गया है.
अख्तर की पुनरीक्षण याचिका पर कंगना ने इस बीच बृहस्पतिवार को अपना जवाब दाखिल कर दिया . अख्तर (76) ने 2020 में रानौत के खिलाफ एक शिकायत दर्ज करायी थी, जिसमें अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या के बाद एक टेलीविजन साक्षात्कार में गीतकार के खिलाफ मानहानिकारक बयान देने का आरोप लगाया गया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि कंगना बिना किसी कारण उनका नाम घसीट रही हैं. इसके बाद बॉलीवुड अभिनेत्री ने भी उसी अदालत में अख्तर के खिलाफ एक जवाबी शिकायत दर्ज करायी थी और उनके खिलाफ जबरन वसूली तथा आपराधिक धमकी का आरोप लगाया था .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu