चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के कारण कोलकाता के कई इलाकों में जलभराव, केएमसी हाई अलर्ट पर

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 25 Oct 2024 04:49 PM
चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के कारण कोलकाता के कई इलाकों में जलभराव, केएमसी हाई अलर्ट पर
ऑडियो सुनें

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के कारण शुक्रवार सुबह मूसलाधार बारिश हुई जिससे शहर भर के कई इलाके जलमग्न हो गए। अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार, कोलकाता में पिछले 24 घंटे में शुक्रवार को सुबह 11.30 बजे तक 100 मिमी से अधिक बारिश हुई।

कोलकाता के दक्षिणी और मध्य हिस्से की कई सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाने से भवानीपुर, न्यू मार्केट, हाजरा, धर्मतला और बेहाला इलाकों में यातायात बाधित हो गया। राज्य की राजधानी के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में थंथनिया कालीबाड़ी, महात्मा गांधी रोड, वीआईपी रोड, पार्क सर्कस, दमदम और न्यू टाउन के कुछ हिस्सों से भी जलभराव की खबरें मिली हैं।

कोलकाता के एस्प्लेनेड स्थित कोलकाता नगर निगम (केएमसी) मुख्यालय के अंदर भी काफी जलभराव हो गया। वहीं, राज्य का प्रमुख अस्पताल एसएसकेएस में भी पानी भर गया और मरीज, कर्मचारी और स्वास्थ्यकर्मी घुटनों भर पानी से होकर निकलते हुए देखे गए। अस्पताल में घुटने तक पानी भर जाने के कारण आगंतुकों को भारी असुविधा हो रही है और इससे पानी में पैदा होने वाले संक्रमण की फैलने की आशंका हो सकती है।

कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बा‘ रोगी विभाग (ओपीडी) में बारिश का पानी भर गया था।
केएमसी जल्द से जल्द पानी निकालने के लिए ट्रक और पंप का इस्तेमाल कर रही है। महापौर फिरहाद हकीम ने आश्वासन दिया कि नगर निगम पूरी तरह सतर्क है तथा स्थिति से निपटने के लिए सभी उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जलभराव वाले इलाकों में ट्रक पानी निकालते हुए देखे गए। हालांकि हकीम ने कहा कि हुगली नदी में उच्च ज्वार और लगातार बारिश के कारण पानी निकालने में परेशानी हो सकती है। कोलकाता के अलावा दक्षिणी बंगाल के बड़े इलाकों में भी रातभर भारी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने बताया कि सुबह 8.30 बजे तक दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर और सागर द्वीप में क्रमश: 93 मिमी और 89.6 मिमी बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पूर्व मेदिनीपुर के कलाईकुंडा में पिछले 24 घंटों में सुबह 8.30 बजे तक 90.6 मिमी बारिश हुई, जबकि हल्दिया, मेदिनीपुर टाउन और दीघा में क्रमश: 80 मिमी, 52 मिमी और 37 मिमी बारिश हुई। झारग्राम में इसी अवधि के दौरान 66.6 मिमी बारिश हुई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav