दिल्ली चुनाव नतीजा कांग्रेस के लिए दुखद: तारिक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Feb 2025 09:12 PM
दिल्ली चुनाव नतीजा कांग्रेस के लिए दुखद: तारिक
ऑडियो सुनें

कटिहार. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे को पार्टी के लिए ”दुखद” करार देते हुए रविवार को उम्मीद जताई कि इस हार पर आलाकमान ”आत्ममंथन” करेगा. कटिहार के सांसद ने अपने लोकसभा क्षेत्र में पत्रकारों से बातचीत के दौरान 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में उनकी पार्टी के एक भी सीट नहीं जीत पाने के बारे में पूछे जाने पर कहा,”यह दुखद है. मुझे यकीन है कि पार्टी आलाकमान इस बात पर आत्ममंथन करेगा कि हम दिल्ली विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन क्यों नहीं कर सके.” कांग्रेस ने डेढ. दशक तक दिल्ली पर शासन किया था, लेकिन अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) से उसे करारी शिकस्त मिली थी. उसके बाद आप वहां एक दशक से सत्ता में थी.

हाल के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप को भाजपा के हाथों बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा, वहीं कांग्रेस ने लगातार तीसरी बार एक भी सीट नहीं जीत पायी एवं उसका मत प्रतिशत 10 फीसद से भी कम रहा. भाजपा 26 साल से अधिक समय के बाद दिल्ली में सत्ता में वापस आई है.

कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य अनवर से जब यह पूछा गया कि क्या दिल्ली में उनकी पार्टी और आप का एक-दूसरे के खिलाफ लड़ना ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए झटका है, उन्होंने कहा, ”मुझे ऐसा नहीं लगता. इंडिया गठबंधन का गठन लोकसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए किया गया था. इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने कभी यह नहीं कहा कि वे राज्य चुनाव भी अनिवार्य रूप से एक साथ लड़ेंगे. इंडिया गठबंधन में कोई बिखराव नहीं है क्योंकि सभी घटक दल अब भी एक साथ हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu