निजी बातचीत का प्रसारण नहीं किया: स्टार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 May 2024 07:52 PM
निजी बातचीत का प्रसारण नहीं किया: स्टार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग के प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्ट्स ने सोमवार को रोहित शर्मा से जुड़ी किसी निजी बातचीत के ऑडियो का प्रसारण करने से इनकार किया. भारतीय कप्तान ने चैनल पर रिकॉर्डिंग रोकने के आग्रह के बावजूद उनकी निजता के ‘उल्लंघन’ का आरोप लगाया है.

कोलकाता नाइट राइडर्स ने रोहित और अपने सहायक कोच अभिषेक नायर से जुड़ा एक वीडियो साझा किया है जिसमें भारतीय कप्तान को कथित तौर पर मुंबई इंडियन्स में अपने भविष्य पर विचार करते हुए देखा जा सकता है. यह वीडियो 11 मई को वायरल हो गया था. नाइट राइडर्स ने बाद में अपने सोशल मीडिया पेज से इस वीडियो को हटा दिया. रोहित को 16 मई को लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ मुंबई के मैच से पहले भी धवल कुलकर्णी से बात करते देखा जा सकता है. इस सलामी बल्लेबाज ने एक बार फिर कैमरों को अपनी तरफ देखकर प्रसारणकर्ता से ऑडियो बंद करने का आग्रह किया.

रविवार को उन्होंने चैनल पर निजी बातचीत का प्रसारण करने का आरोप लगाया लेकिन स्टार ने बयान में आरोपों से इनकार किया है.
चैनल ने कहा, ”वानखेड़े स्टेडियम में 16 मई को ट्रेनिंग सत्र के दौरान ली गई इस क्लिप में, जिसके लिए स्टार स्पोर्ट्स के पास आधिकारिक अनुमति थी, सीनियर खिलाड़ी को मैदान पर अपने दोस्तों के साथ बातचीत करते हुए दिखाया गया. इस बातचीत का कोई ऑडियो रिकॉर्ड प्रसारित नहीं किया गया.”

उन्होंने कहा, ”क्लिप में केवल सीनियर खिलाड़ी को अपनी बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड नहीं करने का अनुरोध करते हुए दिखाया गया था जिसे स्टार स्पोर्ट्स के मैच से पूर्व की तैयारियों के सीधे प्रसारण में दिखाया गया और इसके अलावा इसकी कोई संपादकीय प्रासंगिकता नहीं थी.” इस बातचीत के ऑडियो को नाइट राइडर्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया जिसके बाद मुंबई इंडियन्स के साथ रोहित के भविष्य को लेकर अटकलें लगने लगी. विवाद के बाद नाइट राइडर्स ने इसे हटा दिया.

रोहित ने रविवार को कहा, ”एक्सक्लूसिव सामग्री पाने की जरूरत और केवल व्यूज तथा जुड़ाव पर ध्यान केंद्रित करने से एक दिन प्रशंसकों, क्रिकेटरों और क्रिकेट के बीच का विश्वास टूट जाएगा. बेहतर समझ की जीत होनी चाहिए.” चैनल ने कहा कि वह खिलाड़ियों की निजता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं. चैनल ने कहा, ”प्रशंसकों को जोड़ने, कड़े खेल और तैयारियों के लम्हों के दौरान खिलाड़ियों की निजता का सम्मान करना इस नीति के मूल में है जिसके लिए प्रसारक प्रतिबद्ध है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu