दिग्विजय सिंह ने अल्पसंख्यक समुदाय को लेकर प्रधानमंत्री के बयान को महज ”चुनावी स्टंट” बताया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 Oct 2023 09:42 PM
दिग्विजय सिंह ने अल्पसंख्यक समुदाय को लेकर प्रधानमंत्री के बयान को महज ”चुनावी स्टंट” बताया
ऑडियो सुनें

इंदौर. ”जितनी आबादी, उतना हक” नारे को लेकर कांग्रेस के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ताजा हमले पर पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बुधवार को कहा कि इस संबंध में अल्पसंख्यक समुदाय के बारे में मोदी का बयान महज ”चुनावी स्टंट” है. मोदी ने मंगलवार को तेलंगाना के निजामाबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक रैली में ”जितनी आबादी, उतना हक” नारे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह अल्पसंख्यकों और दक्षिण भारत के खिलाफ है?

प्रधानमंत्री के इस बयान को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उनका यह कथन महज ”चुनावी स्टंट” है. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ. भाजपा महंगाई और बेरोजगारी की बुनियादी समस्याओं पर खामोश बनी रहती है और केवल हिंदू-मुसलमान की बात करना चाहती है.

सिंह ने कहा,”मोदी और (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख) मोहन भागवत आजकल मुसलमानों की भी बातें करने लगे हैं. वे मस्जिदों में भी जाने की कोशिश कर रहे हैं. अगर आपमें मुसलमानों को लेकर सहानुभूति है, तो आप अल्पसंख्यक समुदाय के उन सब लोगों को राहत दिलाइए जिनके साथ अन्याय और अत्याचार हुआ है.” सिंह ने मोदी और भागवत को संकटग्रस्त मणिपुर का दौरा करके प्रभावित लोगों की मदद के लिए कदम उठाने की सलाह भी दी.

समाचार पोर्टल ”न्यूजक्लिक” और आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के परिसरों पर छापों को लेकर केंद्र सरकार की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई ”वैमनस्य का परिणाम” है. सिंह ने मध्यप्रदेश में संभावित विधानसभा चुनावों में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर-1 सीट से उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर 67 वर्षीय भाजपा नेता पर तंज कसा. उन्होंने कहा,”विजयवर्गीय इन दिनों परेशान हैं क्योंकि इस उम्र में उन्हें जबरन चुनाव लड़वाया जा रहा है, जबकि उनके बेटे (मौजूदा भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय) का टिकट कटवा दिया गया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu