
कोलकाता: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्कूलों में हुए कथित रोजगार घोटाले की जांच के सिलसिले में सोमवार को कोलकाता और उसके आसपास कई स्थानों पर तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जांच एजेंसी की ओर से जिन स्थानों की तलाशी ली जा रही है उनमें सुजॉय कृष्ण भद्र से जुड़ा न्यू अलीपुर इलाके में एक निजी कंपनी का कार्यालय और एक फ्लैट शामिल हैं। भद्र को कथित घोटाले में गिरफ्तार किया गया था।
जांचकर्ताओं ने दावा किया कि ‘कालीघाट के काकू’ के नाम से मशहूर भद्र इस कंपनी के मामलों को देखते थे। ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हम इस कंपनी के माध्यम से किए गए धन के फर्जी हस्तांतरण के संबंध में कुछ दस्तावेजों की तलाश कर रहे हैं।’’
ईडी इस कथित घोटाले में धनशोधन से जुड़े पहलू की जांच कर रहा है। इस मामले में शिक्षा विभाग के कई अधिकारियों और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।



