हेमा मालिनी के खिलाफ टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता सुरजेवाला को निर्वाचन आयोग ने भेजा नोटिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 09 Apr 2024 06:52 PM
हेमा मालिनी के खिलाफ टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता सुरजेवाला को निर्वाचन आयोग ने भेजा नोटिस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला को अभिनेत्री से नेता बनीं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद हेमा मालिनी के खिलाफ उनकी कथित अमर्यादित टिप्पणी के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया. निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी जवाब मांगा है कि नेताओं द्वारा सार्वजनिक संवाद के दौरान महिलाओं के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने के बारे में दिए गए परामर्श का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं. दोनों नेताओं को निर्वाचन आयोग को जवाब देने को कहा गया है.

सुरजेवाला से 11 अप्रैल की शाम तक जवाब देने को कहा गया है, जबकि खरगे को अगले दिन शाम तक का वक्त दिया गया है.
भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने पिछले महीने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया और कांग्रेस नेता सुरजेवाला पर मथुरा सीट से पार्टी की उम्मीदवार हेमा मालिनी के खिलाफ ‘अपमानजनक और महिला विरोधी’ टिप्पणी करने का आरोप लगाया. बाद में भाजपा ने निर्वाचन आयोग से सुरजेवाला के खिलाफ शिकायत की थी.

हालांकि, सुरजेवाला ने दावा किया था कि भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ ने झूठ फैलाने के लिए अभिनेत्री हेमा मालिनी से संबंधित टिप्पणी वाले उनके वीडियो में काट-छांट की. उन्होंने यह भी कहा था कि वह लोकसभा सदस्य हेमा मालिनी का सम्मान करते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu