जम्मू-कश्मीर के राजौरी में मुठभेड़, सेना के दो जवान घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 03 Oct 2023 07:09 PM
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में मुठभेड़, सेना के दो जवान घायल
ऑडियो सुनें

राजौरी/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के दो जवान घायल हो गए. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जम्मू) मुकेश सिंह कालाकोट में घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और खुद अभियान की निगरानी कर रहे हैं.

अधिकारियों ने बताया कि जिले के एक जंगल क्षेत्र की घेराबंदी और तलाश अभियान के बाद सुरक्षाबलों तथा आतंकवादियों के बीच सोमवार शाम मुठभेड़ शुरू हो गई. उन्होंने कहा कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक संयुक्त दल ने संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद कालाकोट इलाके के ब्रोह और सूम वन क्षेत्र की सोमवार को घेराबंदी की थी.

अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने घेराबंदी तोड़ने की कोशिश में सैनिकों पर गोलीबारी की जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुठभेड़ में सेना के दो जवान घायल हो गए. उन्होंने कहा कि घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है.

उन्होंने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि जिस इलाके की घेराबंदी की गई है, वहां दो आतंकवादी हैं और उन सभी मार्गों को बाधित करने के लिए अतिरिक्त बल भेजा गया है, जहां से आतंकवादी भागने की कोशिश कर सकते हैं. इस संबंध में एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों पर नजर रखने के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि गहन अभियान जारी है. अधिकारियों ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस महनिदेशक घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और वह शीर्ष सैन्य एवं रेंज अधिकारियों के साथ स्वयं अभियान पर नजर रखे हुए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu