
नयी दिल्ली. पूर्व भारतीय चयनकर्ता सबा करीम का मानना है कि आगामी इंग्लैंड दौरा नये टेस्ट कप्तान शुभमन गिल के लिए कड़ी परीक्षा जैसा होगा और कप्तान के रूप में उनकी सफलता उनके बल्लेबाजी प्रदर्शन पर निर्भर करेगी. रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गजों के संन्यास लेने के बाद गिल को कप्तान नियुक्त करके भारत ने टेस्ट क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत की.
करीम ने रविवार को फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम से इतर पीटीआई वीडियो से कहा, ”यह उनके लिए एक परीक्षा है. मुझे यकीन है कि वह इसके लिए तैयार हैं. उन्हें बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन करना होगा. अगर वह ऐसा करने में सफल रहते हैं तो इससे उनकी कप्तानी पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा.” इस पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज. को पूरा विश्वास है कि भारत की युवा टीम इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन करके अनुकूल परिणाम हासिल करेगी. उन्होंने कहा, ”मुझे इस युवा भारतीय टीम से अच्छे नतीजों की उम्मीद है. मैच वास्तव में प्रतिस्पर्धी होंगे और मुझे लगता है कि भारतीय खिलाड़ी इसके लिए तैयार हैं.”



