
नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान दिवस के अवसर पर मंगलवार को कहा कि संविधान में व्यक्त प्रत्येक विचार की रक्षा के लिए सभी को एक साथ आना चाहिए. खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”संविधान को अंगीकार किए जाने का 75वां वर्ष आज से शुरू हो गया है. मैं इस ऐतिहासिक अवसर पर सभी भारतीय नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. ” उन्होंने कहा, ”हमारे पूर्वजों द्वारा परिश्रम से और सावधानीपूर्वक तैयार किया गया भारत का संविधान हमारे राष्ट्र की जीवनधारा है. यह हमें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों की गारंटी देता है. यह भारत को एक संप्रभु समाजवादी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य बनाता है. ” उनके अनुसार, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सिर्फ आदर्श या विचार नहीं हैं, ये 140 करोड़ भारतीय नागरिकों के लिए जीवन जीने का तरीका हैं.
खरगे ने कहा, ”आज, हम संविधान सभा और उसके सदस्यों के योगदान को याद करते हैं. हम उनकी दूरर्दिशता और बुद्धिमत्ता के सदैव ऋणी रहेंगे. पंडित जवाहरलाल नेहरू, बाबा साहेब डॉ. बी आर आंबेडकर प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं जो पीढि.यों के लिए आशा के पथप्रदर्शक बनते हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि संविधान सभा का कोई भी उल्लेख उन 15 महिला सदस्यों के योगदान को याद किए बिना पूरा नहीं होना चाहिए जिन्होंने समावेशी भारत के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण अंश प्रदान किए.
कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, यह भी नहीं भूलना चाहिए कि संविधान सभा को आम नागरिकों से अनगिनत सुझाव मिले जो रिकॉर्ड का विषय हैं. उन्होंने इस बात का उल्लेख किया, ” हम, भारत के लोगों को, संविधान में व्यक्त प्रत्येक विचार की रक्षा के लिए एक साथ आना चाहिए. संविधान अंगीकार किए जाने के 75वें वर्ष में, राष्ट्रीय आंदोलन के युग की तरह, भारत के अंर्तिनहित दर्शन की रक्षा के लिए संघर्ष को फिर से मजबूत और पुनर्जीवित किया जाना चाहिए.”



