एग्जिट पोल ‘फर्जी’, धांधली को सही ठहराने का ‘जानबूझकर किया गया प्रयास’ : कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Jun 2024 08:43 PM
एग्जिट पोल ‘फर्जी’, धांधली को सही ठहराने का ‘जानबूझकर किया गया प्रयास’ : कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/मुंबई. कांग्रेस ने एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) को रविवार को ‘फर्जी’ बताते हुए कहा कि यह चुनावों में धांधली को सही ठहराने के लिए ”जानबूझकर किया गया प्रयास” और ‘इंडिया’ गठबंधन के कार्यकर्ताओं का मनोबल कम करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा खेले जा रहे ”मनोवैज्ञानिक खेल” का हिस्सा है.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ”नयी सरकार” के 100 दिवसीय एजेंडे की समीक्षा करने के लिए एक लंबा विचार-मंथन सत्र आयोजित करने समेत कई बैठकों के लिए भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह नौकरशाही तथा प्रशासनिक तंत्र को एक संकेत भेजने के लिए ”दबाव बनाने का तरीका” है कि वह सत्ता में लौट रहे हैं.

रमेश ने यहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”यह सब दिमाग का खेल है – ‘मैं लौट रहा हूं, मैं फिर से प्रधानमंत्री बनने जा रहा हूं.’ वह नौकरशाही, देश के प्रशासनिक तंत्र को एक संकेत भेज रहे हैं और हम उम्मीद करते हैं कि निष्पक्ष मतगणना की जिम्मेदारी संभालने वाले सिविल सेवक दबाव बनाने के इन हथकंड़ों से डरेंगे नहीं.” उन्होंने यह भी कहा कि शनिवार शाम को आया एग्जिट पोल ”पूरी तरह फर्जी” है और ”उस व्यक्ति द्वारा गढ़ा गया है जिसका चार जून को सत्ता से बाहर होना तय है.”

कांग्रेस नेता ने कहा, ”यह निवर्तमान प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) और निवर्तमान गृह मंत्री (अमित शाह) द्वारा खेले जा रहे मनोवैज्ञानिक खेल का हिस्सा है. निवर्तमान गृह मंत्री ने कल 150 जिला मजिस्ट्रेट और जिलाधीशों से बात की. एग्जिट पोल के जो नतीजे हैं उनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है.” एग्जिट पोल में शनिवार को अनुमान जताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटेंगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को लोकसभा चुनावों में भारी बहुमत से जीत मिल सकती है.

एग्जिट पोल की आलोचना करते हुए रमेश ने कहा कि कुछ राज्यों में राजग को उस राज्य में उपलब्ध सीटों की संख्या से अधिक सीट दी गयी है. रमेश ने कहा, ”इंडिया ‘जनबंधन’ के दलों ने कल मुलाकात की, हमने राज्यवार विश्लेषण किया और ‘इंडिया’ जनबंधन को किसी भी कीमत पर 295 से कम सीट नहीं मिलेंगी.” उन्होंने कहा, ”यह धांधली को सही ठहराने का जानबूझकर किया प्रयास है, यह ईवीएम में छेड़छाड़ को सही ठहराने का जानबूझकर किया गया प्रयास है और यह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ‘इंडिया’ जनबंधन के कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने का भी मनोवैज्ञानिक तरीका है. हम डरने वाले नहीं हैं और आप देखेंगे कि चार जून को असली परिणामों में इन एग्जिट पोल के मुकाबले जमीन-आसमान का अंतर होगा.” कांग्रेस महासचिव ने कहा कि ये राजनीतिक एग्जिट पोल हैं न कि पेशेवर तरीके से किए एग्जिट पोल हैं.

एग्जिट पोल ‘कॉरपोरेट खेल और फर्जीवाड़ा’ है: संजय राउत

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद संजय राउत ने रविवार को ‘एग्जिट पोल’ को ‘कॉरपोरेट खेल और फर्जीवाड़ा’ करार दिया और दावा किया कि ‘एग्जिट पोल’ जारी करने वाली मीडिया कंपनियों पर दबाव था. संवाददाताओं से बातचीत के दौरान संजय राउत ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) 543 सदस्यीय सदन (लोकसभा) में 295 से 310 सीट जीतेगा और सरकार बनाएगा.

राउत ने यह भी कहा कि उन्हें ‘एग्जिट पोल’ की जरूरत नहीं है क्योंकि वे धरातल पर काम करते हैं और मूक लहर से परिचित हैं.
शनिवार को जारी हुए ‘एग्जिट पोल’ में अनुमान जताया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता में बने रहेंगे. इसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है. राउत ने दावा किया, ”इन मीडिया कंपनियों पर बहुत दबाव है. ‘एग्जिट पोल’ की कवायद कॉरपोरेट खेल और फर्डीवाड़ा है.” उन्होंने पूछा,”क्या ये कंपनियां मुफ्त में ‘एग्जिट पोल’ करती हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu