इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष से अत्यंत चिंतित हैं: भारत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Apr 2024 08:39 PM
इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष से अत्यंत चिंतित हैं: भारत
ऑडियो सुनें

 नयी दिल्ली/तेल अवीव/कोझिकोड. इजराइल पर ईरान द्वारा ड्रोन और मिसाइल हमला किये जाने के बाद भारत ने रविवार को कहा कि वह दोनों देशों के बीच बढ.ते संघर्ष को लेकर अत्यंत चिंतित है और हमले से क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को खतरा है. ईरान ने एक अप्रैल को दमिश्क में ईरान के वाणिज्य दूतावास पर संदिग्ध इजराइली हवाई हमले में दो जनरल सहित ईरान के ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के सात र्किमयों के मारे जाने की घटना के जवाब में शनिवार देर रात इजराइल पर सैंकड़ों ड्रोन और मिसाइल दागीं.

भारत ने इस घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए तत्काल तनाव कम करने की अपील की. भारत ने कहा कि क्षेत्र में उसके दूतावास भारतीय समुदाय के साथ संपर्क में हैं. विदेश मंत्रालय ने कहा, ”हम इजराइल और ईरान के बीच बढ.ती शत्रुता से अत्यंत चिंतित हैं. इससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को खतरा है.” मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ”हम तनाव को तत्काल कम किये जाने, संयम बरतने, हिंसा से दूर रहने और कूटनीति के रास्ते पर लौटने का आग्रह करते हैं.” विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत हालात पर करीब से नजर रखे हुए है. मंत्रालय ने कहा, ”क्षेत्र में हमारे दूतावास भारतीय समुदाय के साथ संपर्क में हैं. यह जरूरी है कि क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता बनी रहे.”

इजराइल में भारतीय दूतावास ने नया परामर्श जारी कर नागरिकों से सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा

इजराइल में भारतीय दूतावास ने ईरान के हमलों के बाद अपने नागरिकों के लिए रविवार को एक नया ”महत्वपूर्ण परामर्श” जारी कर उन्हें शांतचित्त रहने और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की सलाह दी. ईरान ने एक अप्रत्याशित कदम उठाते हुए शनिवार को इजराइल पर हमला कर दिया और उस पर सैंकड़ों ड्रोन, बैलेस्टिक मिसाइल तथा क्रूज मिसाइल दागीं. सीरिया में एक अप्रैल को हवाई हमले में ईरानी वाणिज्य दूतावास में दो ईरानी जनरल के मारे जाने के बाद इसने बदला लेने का प्रण लिया था.

भारतीय दूतावास ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए ‘महत्वपूर्ण परामर्श’ में कहा, ”क्षेत्र में हाल की घटनाओं के मद्देनजर इजराइल में सभी भारतीय नागरिकों को शांत रहने और स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी जाती है.” उसने कहा, ”दूतावास स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है और वह हमारे सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इजराइली प्राधिकारियों तथा भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है.” उसने भारतीय नागरिकों से पहले से उपलब्ध एक लिंक के जरिये दूतावास के साथ पंजीकरण कराने का भी अनुरोध किया है.

भारतीय दूतावास ने ईरान द्वारा प्रतिशोध में हमला किए जाने की बढ़ती आशंका के बीच शुक्रवार को भी एक परामर्श जारी कर अपने नागरिकों को ”अनावश्यक यात्रा करने से बचने, शांत रहने और स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन” करने की सलाह दी थी. यह पहली बार है कि इस्लामिक देश ईरान ने अपनी सरजमीं से यहूदी देश पर हमला किया है. इजराइल पर सैकड़ों मिसाइल दागे जाने के बावजूद किसी भी देश ने अभी तक अपने नागरिकों को बाहर निकालने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है. अमेरिका समेत उनमें से कुछ देशों ने परामर्श जारी किए हैं.

जब्त इजराइली जहाज पर सवार बेटे की सलामती की दुआ कर रहा है केरल का बुजुर्ग दंपती

उत्तरी केरल के कोझिकोड जिले में एक बुजुर्ग दंपती अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित है, जो खाड़ी क्षेत्र में इजराइल के एक मालवाहक जहाज पर सवार है और वे उसकी वापसी की दुआ कर रहे हैं. उनका बेटा श्यामनाथ उन 17 भारतीयों में शामिल है, जो इजराइल से जुड़े एक मालवाहक जहाज ‘एमएससी एरीज’ पर सवार है जिसे शनिवार को हॉर्मुज जलडमरूमध्य के निकट ईरानी सेना ने जब्त कर लिया.

श्यामनाथ के माता-पिता विश्वनाथन और श्यामला ने यहां कहा कि उन्होंने शनिवार को भी अपने बेटे से बात की थी. बाद में उन्हें शिपिंग कंपनी के मुंबई कार्यालय से एक फोन आया, जिसमें उन्हें इस दुखद घटना के बारे में बताया गया. विश्वनाथन ने मीडिया से कहा, ”हम मुश्किल वक्त से गुजर रहे हैं…हमें अपने बेटी की सुरक्षा की काफी चिंता है. कंपनी प्राधिकारियों ने कहा कि वे जहाज के जब्त होने के बाद चालक दल के सदस्यों से संपर्क नहीं कर पाए हैं.” इस जिले के वेल्लीपराम्बा से ताल्लुक रखने वाले श्यामनाथ पिछले 10 वर्ष से ‘एमएससी एरीज’ में बतौर इंजीनियर काम करते रहे हैं. उनके माता-पिता ने कहा कि श्यामनाथ आखिरी बार पिछले साल अपने गृह नगर आया था.

एयर इंडिया ने तेल अवीव के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कीं

इजराइल और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच एयर इंडिया ने रविवार को तेल अवीव के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला किया. एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली से तेल अवीव के लिए सीधी उडा.नें फिलहाल निलंबित रहेंगी. एयर इंडिया दिल्ली और इजराइल के शहर के बीच चार साप्ताहिक उड़ानें संचालित करती है. टाटा समूह के स्वामित्व वाली कंपनी ने लगभग पांच महीने के अंतराल के बाद तीन मार्च को तेल अवीव के लिए सेवाएं बहाल की थीं. इजरायल के शहर पर हमास के हमले के बाद एयर इंडिया ने पिछले साल सात अक्टूबर से तेल अवीव के लिए उड़ानें निलंबित कर दी थीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu