अत्यंत दुर्लभ स्थिति: गर्भवती महिला में ‘भ्रूण के अंदर भ्रूण’ पाया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Jan 2025 08:50 PM
अत्यंत दुर्लभ स्थिति: गर्भवती महिला में ‘भ्रूण के अंदर भ्रूण’ पाया गया
ऑडियो सुनें

बुलढाणा. महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में 32 वर्षीय गर्भवती महिला में ‘भ्रूण के अंदर भ्रूण’ पाया गया है. यह एक अत्यंत दुर्लभ स्थिति है जिसमें एक विकृत भ्रूण दूसरे भ्रूण के अंदर स्थित होता है. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि इस दुर्लभ विसंगति का पता तब चला जब 35 सप्ताह की गर्भवती महिला कुछ दिन पहले नियमित जांच के लिए बुलढाणा जिला महिला अस्पताल आई.

अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में महिला के अल्ट्रासाउंड के दौरान चिकित्सकों को इस स्थिति के बारे में पता चला. अस्पताल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसाद अग्रवाल ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि ‘भ्रूण में भ्रूण’ दुर्लभतम मामला होता है और यह स्थिति पांच लाख में से एक में पाई जाती है. उन्होंने बताया कि अब तक (पूरे विश्व में) ऐसे केवल 200 मामले ही सामने आए हैं और वे भी प्रसव के बाद ही सामने आए. इनमें से भारत में 10-15 मामले पाए गए हैं.

उन्होंने कहा, ”मैंने इस भ्रूण में कुछ असामान्य बात देखी, जो लगभग 35 सप्ताह का है.” डॉ. अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने सामान्य रूप से बढ़ रहे एक भ्रूण के पेट में भ्रूण जैसी संरचना देखी. उन्होंने कहा, ”मैं चौंक गया क्योंकि यह सामान्य नहीं है. यह ‘भ्रूण में भ्रूण’ की स्थिति है जो दुनिया के सबसे दुर्लभ मामलों में से एक है. हमने किसी और चिकित्सक की राय मांगी और रेडियोलॉजिस्ट डॉ. श्रुति थोरात ने भी इस स्थिति की पुष्टि की.” अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि महिला को सुरक्षित प्रसव और आगे की प्रक्रिया के लिए छत्रपति संभाजीनगर के एक चिकित्सा केंद्र में रेफर किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu