नयी दिल्ली. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कहा कि ‘चरमपंथी, अतिवादी’ खालिस्तानी सोच भारत या अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया जैसे सहयोगी देशों के लिए ठीक नहीं है. भारतीय जनता पार्टी के जनसम्पर्क अभियान कार्यक्रम से इतर जयशंकर ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार कनाडा में हाल में एक रैली के दौरान खालिस्तान समर्थक पोस्टर प्रर्दिशत किये जाने का मुद्दा उस देश की सरकार के समक्ष उठायेगी.
विदेश मंत्री ने कहा, ” हमने कनाडा, ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया जैसे हमारे सहयोगी देशों, जहां खालिस्तानी गतिविधियां हुई हैं, उनसे आग्रह किया है कि वे खालिस्तानियों को तवज्जो नहीं दें, क्योंकि उनकी (खालिस्तानियों की) चरमपंथी, अतिवादी सोच न तो हमारे लिए, न ही उनके लिये और न ही उनसे (उन देशों से) हमारे संबंधों के लिए ठीक है.” उन्होंने कहा, ” हम पोस्टर के मुद्दे को वहां की (कनाडा की) सरकार के साथ उठायेंगे. मेरा मानना है कि अब तक ऐसा (कनाडा की सरकार के समक्ष मुद्दे को उठाने का काम) पहले ही किया जा चुका होगा.”