मशहूर मलयालम रैपर वेदान फ्लैट से गांजा बरामद होने के बाद गिरफ्तार

केरल में दो करोड़ रुपये के गांजा जब्ती मामले में मलयालम अभिनेता चाको और भासी से पूछताछ

कोच्चि/अलप्पुझा. मशहूर मलयालम रैपर और गीतकार वेदान तथा आठ अन्य लोगों को त्रिपुनिथुरा स्थित उनके फ्लैट से गांजा बरामद होने के बाद गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. त्रिशूर जिले के मूल निवासी वेदान का असली नाम हिरनदास मुरली है. गुप्त सूचना के आधार पर हिल पैलेस पुलिस ने फ्लैट पर छापा मारा, जहां वेदान समेत नौ लोग मौजूद थे. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान फ्लैट से छह ग्राम गांजा बरामद किया गया.

एक पुलिस अधिकारी ने पत्रकारों को बताया, ”यह स्थान वेदान और उनके साथियों द्वारा संगीत अभ्यास के लिए इस्तेमाल किया जाता था. पूछताछ के दौरान वेदान ने गांजा सेवन करने की बात स्वीकार की.” मौके से गांजे के अलावा उनके मोबाइल फोन और लगभग 9.50 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए. अधिकारी ने बताया कि नकद राशि उनके संगीत कार्यक्रमों के पारिश्रमिक के रूप में प्राप्त हुई बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी दर्ज कर ली गई है और जल्द ही उनका चिकित्सा परीक्षण तथा अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी. पुलिस ने बताया कि उन्हें थाने से जमानत पर रिहा कर दिया जाएगा. साथ ही, जब्त मादक पदार्थों के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू की जाएगी.

वेदान युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं और अपने संगीत कार्यक्रमों में नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाते रहे हैं. यह घटना उन तीन लोगों के गिरफ्तार होने के एक दिन बाद हुई, जिनमें प्रसिद्ध मलयालम निर्देशक खालिद रहमान और अशरफ हम्सा भी शामिल थे. उन्हें रविवार की सुबह कोच्चि के एक फ्लैट से गांजा बरामद होने के बाद आबकारी विभाग ने गिरफ्तार किया था. हाल में मादक पदार्थ से संबंधित मामले में अभिनेता शाइन टॉम चाको को भी गिरफ्तार किया गया था.

केरल में दो करोड़ रुपये के गांजा जब्ती मामले में मलयालम अभिनेता चाको और भासी से पूछताछ

मलयालम फिल्म अभिनेता शाइन टॉम चाको और श्रीनाथ भासी सोमवार को केरल के अलप्पुझा जिले में इस महीने की शुरुआत में दो करोड़ रुपये मूल्य का ‘हाइब्रिड गांजा’ जब्त होने के मामले में आबकारी विभाग की टीम के सामने पेश हुए. राज्य आबकारी विभाग के अधिकारियों ने दो अप्रैल को तस्लीमा सुल्ताना नामक एक महिला मादक पदार्थ तस्कर और उसके साथी को गांजा के साथ गिरफ्तार किया था.

आबकारी अधिकारियों को दिए गए महिला के बयान के अनुसार, प्रतिबंधित मादक पदार्थ को पर्यटन और फिल्म उद्योग में वितरण के लिए राज्य में लाया गया था. महिला ने दावा किया कि वह फिल्मी हस्तियों को मादक पदार्थ की आपूर्ति करती थी और उसने दो प्रमुख अभिनेताओं के नाम भी बताए. महिला के इस बयान और उसके बाद की जांच के आधार पर आबकारी विभाग ने चाको और भासी को नोटिस जारी किया. अभिनेताओं के अलावा, आबकारी अधिकारियों ने जांच के तहत एक महिला मॉडल को भी बुलाया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button