केरल तट के पास मालवाहक जहाज पर आग और विस्फोट, बचाव कार्य जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Jun 2025 08:17 PM
केरल तट के पास मालवाहक जहाज पर आग और विस्फोट, बचाव कार्य जारी
ऑडियो सुनें

कोच्चि. केरल तट के पास सिंगापुर ध्वज वाले मालवाहक पोत में आग और विस्फोट की घटनाएं जारी हैं और पोत के मध्य क्षेत्र और ‘कंटेनर’ बे से आग की लपटें निकल रही हैं. भारतीय तटरक्षक अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि आगे के हिस्से में लगी आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन पोत ‘एमवी वान हाई 503’ से धुआं उठ रहा है.

उन्होंने बताया कि जहाज बंदरगाह की ओर लगभग 10-15 डिग्री तक झुक गया है और उस पर लदे कुछ कंटेनरों के समुद्र में गिरने की सूचना है. भारतीय तटरक्षक जहाज ‘समुद्र प्रहरी’ और ‘सचेत’ आग को और अधिक फैलने से रोकने के लिए समुद्र में अग्निशमन और प्रशीतन अभियान संचालित कर रहे हैं. इस बीच तटरक्षक पोत ‘समर्थ’ को बचावर्किमयों की एक टीम के साथ कोच्चि तैनात किया जा रहा है.

इससे पहले रक्षा प्रवक्ता ने कहा था कि भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सूरत ने सिंगापुर के ध्वज वाले कंटेनर पोत में सवार चालक दल के 18 सदस्यों को उतार लिया वहीं अग्निशमन अभियान रातभर जारी रहा. जहाज पर चालक दल के 22 सदस्य सवार थे और उनमें से चार का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है. चालक दल के सदस्यों को सोमवार रात 11.30 बजे मैंगलोर बंदरगाह पर उतारा गया.

रक्षा प्रवक्ता ने कहा था कि भारतीय तटरक्षक जहाज ‘सचेत’ और ‘समुद्र प्रहरी’ रात भर आग बुझाने के काम में लगे रहे. वहीं तटरक्षक बल का डोर्नियर विमान मंगलवार सुबह घटनास्थल का हवाई सर्वेक्षण करने के लिए रवाना हुआ. सिंगापुर के ध्वज वाले जहाज में सोमवार को भीषण आग लग गई थी. यह घटना भारतीय समयानुसार सुबह 9.20 बजे, केरल के कन्नूर जिले के अझिक्कल से लगभग 44 समुद्री मील दूर और कोच्चि से 130 समुद्री मील उत्तर-पश्चिम में हुई.

इसबीच मंगलुरु के पुलिस उपायुक्त (कानून एवं व्यवस्था) सिद्धार्थ गोयल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आईएनएस सूरत के जरिए लाए गए 18 सदस्यों में से दो गंभीर रूप से घायल हैं वहीं चार को मामूली चोटें आई हैं जबकि 12 अन्य पूरी तरह सुरक्षित हैं. उन्होंने बताया कि सभी घायलों को एजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu