हैदराबाद के समीप फलकनुमा एक्सप्रेस के पांच डिब्बों में लगी आग, कोई हताहत नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 07 Jul 2023 07:44 PM
हैदराबाद के समीप फलकनुमा एक्सप्रेस के पांच डिब्बों में लगी आग, कोई हताहत नहीं
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. हैदराबाद जा रही (हावड़ा-सिकंद्राबाद) फलकनुमा एक्सप्रेस के पांच डिब्बों में यहां से करीब 50 किलोमीटर दूर बोम्मईपल्ली के समीप शुक्रवार को आग लग गई, लेकिन इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आग के कारण तीन डिब्बे (एस-4, एस-5 और एस-6) पूरी तरह से जलकर खाक हो गए, जबकि दो डिब्बे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गये.

एक प्रत्यक्षदर्शी ने विभिन्न टीवी चैनल को बताया कि आग का पता चलने के बाद सभी यात्रियों को ट्रेन से उतार दिया गया था.
एससीआर के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”हालात पूरी तरह से काबू में हैं. कोई घायल नहीं हुआ है. सभी यात्री सुरक्षित हैं.” एससीआर के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं.

तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अंजनि कुमार ने दोपहर 01:37 बजे ट्वीट किया, ”भोंगिर ग्रामीण पीएस सीमा के पास फलकनुमा एक्सप्रेस में आग लगने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और बसों के जरिये रवाना किया गया है. पुलिस, अग्निशमन विभाग और रेलवे आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं. अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. 18 डिब्बों में से 11 को अलग कर सुरक्षित ले जाया गया है. सात बोगियों में आग लग गई, जिनमें से अब तक तीन बोगियों की आग बुझा दी गई है.'”

रेलवे के एक कर्मचारी के अनुसार उसके एक सहकर्मी को एक डिब्बे से धुआं निकलता दिखाई दिया और उसकी इसकी सूचना लोको पायलट को दी और ट्रेन को तत्काल रोककर यात्रियों को बाहर निकाला गया. एक यात्री ने एक टीवी चैनल को बताया कि आग लगने से कई यात्रियों के सामान ट्रेन में जलकर खाक हो गये, क्योंकि सामान उतारने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाया. एक अन्य यात्री ने कहा कि सामान के अलावा उसके शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी जलकर खाक हो गये. फंसे हुए ट्रेन यात्रियों को कम से कम 12 बसों के जरिये हैदराबाद पहुंचाया गया.

एससीआर के एक अधिकारी ने कहा कि इस हादसे के बाद कुछ ट्रेन का परिचालन आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया है. एससीआर के प्रवक्ता ने आग लगने के कारण का ब्योरा देने से इनकार कर दिया और कहा कि गहन जांच के बाद ही कारण का पता चल सकेगा.
हाल ही में दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) को भेजे गए एक गुमनाम पत्र में हैदराबाद-दिल्ली-हैदराबाद मार्ग पर ‘बालासोर जैसी ट्रेन त्रासदी’ की धमकी दी गई थी. एससीआर के अधिकारियों ने इस पत्र के बारे में तेलंगाना पुलिस को सूचित किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu