बहराइच में चावल मिल में धुएं के कारण दम घुटने से पांच मजदूरों की मौत, योगी ने शोक जताया

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 25 Apr 2025 01:08 PM
बहराइच में चावल मिल में धुएं के कारण दम घुटने से पांच मजदूरों की मौत, योगी ने शोक जताया

ऑडियो सुनें

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दरगाह थाना क्षेत्र स्थित एक चावल मिल में उठे धुएं के कारण दम घुटने से शुक्रवार की सुबह पांच मजदूरों की मौत हो गयी तथा तीन अन्य मजदूर अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

प्रदेश के मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, राजगढि़या चावल मिल के ‘ड्रायर’ में नमी आने के कारण धुआं उठने पर कुछ मजदूर निरीक्षण करने वहां पहुंचे लेकिन धुआं इतना अधिक था कि वे वहीं बेहोश हो गये।

उन्होंने बताया कि अग्निशमन के दल ने वहां पहुंचकर मजदूरों को बाहर निकाला। कुशवाहा ने बताया कि उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने पांच मजदूरों को मृत घोषित कर दिया जबकि तीन अन्य मजदूरों का इलाज किया जा रहा है।

जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉक्टर एम. एम. त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल में पांच लोग मृत अवस्था में लाये गये, जबकि तीन का इलाज जारी है। राजगढि़या राइस मिल के निदेशक विनोद अग्रवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया “राइस मिल में लगा ड्रायर धान की नमी को सुखाने के काम आता है। यह बड़ा और ऊंचा तथा पूर्णत: स्वचालित संयंत्र है, जिसमें किसी आदमी को जाने की आवश्यकता नहीं होती। गैस और आग का भी वहां कोई इस्तेमाल नहीं होता, भाप से हवा गर्म कर धान की नमी को निकाला जाता है।’’

उन्होंने कहा कि मशीन में कभी धुंआ नहीं होता, लेकिन आज सुबह करीब 5-6 बजे किसी मजदूर ने ड्रायर में संभवत? धुंआ देखा। उनके अनुसार, अभी यह जानकारी नहीं हो सकी है कि धुंआ उन्हें कैसे दिखलाई पड़ा।
अग्रवाल ने बताया कि ”स्टाफ से जो जानकारी मिली है उसके अनुसार धुंआ देखकर एक मजदूर ने मशीन बंद की और जांच करने के लिए मशीन के अंदर चला गया।

पहला मजदूर जब वापस नहीं लौटा तो एक एक करके आठ मजदूर मशीन में चले गये और बेहोश हो गये। मिल में मौजूद र्किमयों ने फौरन फायर ब्रिगेड को बुलाया, फायर ब्रिगेड व अन्य स्टाफ ने बेहोश पड़े मजदूरों को बाहर निकाल कर अस्पताल भेजा।”

जिलाधिकारी मोनिका रानी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा “राजगढि़या राइस मिल में आज सुबह मजदूर काम कर रहे थे और धान की नमी को सुखाने के लिए मशीन चल रही थी, उसके कारण जो धुआं निकला, उससे पांच मजदूरों की मृत्यु हो गयी।”

सीएमएस त्रिपाठी ने बताया कि मृतकों की पहचान राजेश कुमार (26), बबलू प्रजापति (28) और गफ्फार (22) के रूप में हुई है। ये तीनों कन्नौज जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक मृतक जहूर (60) श्रावस्ती और दूसरा बिट्टू शाह (30) मधेपुरा, बिहार का रहने वाला बताया गया है। त्रिपाठी के अनुसार, घायलों की पहचान सुरेंद्र (40) बहराइच, देवी प्रसाद (25) श्रावस्ती और सुखदेव (30) तरनतारन, पंजाब निवासी के रूप में हुई है।

जिला प्रशासन ने घटना की जांच के लिए एक संयुक्त जांच दल का गठन किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि संयुक्त जांच दल में मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ), सहायक श्रम आयुक्त (एएलसी), जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक (जीएम डीआईसी) और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल किये गये हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्­स’ पर एक पोस्ट साझा कर कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital