रेलवे अस्पताल में पहली बार नवजात शिशुओं का आधार में नामांकन, उसी दिन जारी हुए जन्म प्रमाण पत्र

जमशेदपुर. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में चक्रधरपुर मंडल रेलवे अस्पताल ने कहा कि पहली बार चिकित्सा सुविधा में नवजात शिशुओं का आधार में नामांकन किया गया और उनके जन्म प्रमाण पत्र भी जारी किए गए. यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई. बयान में कहा गया है कि शनिवार को जन्मे चार शिशुओं का आधार नामांकन उसी दिन पूरा कर लिया गया.

इसमें कहा गया है, ”यह दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के अंतर्गत किसी भी रेलवे अस्पताल में नवजात शिशुओं के लिए एक ही दिन में आधार नामांकन और जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का पहला उदाहरण है.” दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक और चालक दल प्रबंधन प्रणाली, जिला प्रशासन, डाक और आधार विभागों के समन्वित प्रयासों से यह संभव हो पाया है.

भविष्य में, इन विभागों के अधिकारी नवजात शिशुओं को आधार कार्ड जारी करने में सुविधा प्रदान करने के लिए नियमित रूप से रेलवे अस्पताल, चक्रधरपुर का दौरा करेंगे. बयान में कहा गया है कि इस पहल से जन्म प्रमाण पत्र जारी करने और आधार नामांकन की प्रक्रिया को सुगम और त्वरित बनाने में मदद मिलेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button