गांधीनगर/अहमदाबाद/मुंबई. अहमदाबाद में एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 की दुर्घटना के तीन दिन बाद अस्पताल के अधिकारियों ने रविवार को डीएनए मिलान के माध्यम से गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पहचान की पुष्टि की. इस दुर्घटना में अब तक 270 लोगों की मौत हो चुकी है. राज्य सरकार ने सोमवार को राजकीय शोक की घोषणा की है और रूपाणी के सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा.
रूपाणी का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया जाएगा. सरकार ने कहा, ”उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए राजकोट ले जाया जाएगा.” सरकार की ओर से जारी सूचना में कहा गया है, ”गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का 12 जून को निधन हो गया. सम्मान के तौर पर सरकार ने फैसला किया है कि 16 जून (सोमवार) को पूरे गुजरात में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा. पूरे राज्य में शोक के दिन राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा… और उस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होंगे.” गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने संवाददाताओं से कहा, ”रूपाणी का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह परिवार को सौंप दिया जाएगा. दोपहर में उनके पार्थिव शरीर को उनके गृहनगर राजकोट ले जाया जाएगा.”
उन्होंने बताया कि रूपाणी के पार्थिव शरीर को करीब एक घंटे तक उनके घर पर रखा जाएगा, इसके बाद शाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. राज्य के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने संवाददाताओं से कहा, ”गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के डीएनए नमूने आज पूर्वाह्न 11.10 बजे (उनके परिवार के सदस्यों के डीएनए नमूने से) मेल खा गए.” ऋषिकेश पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रूपाणी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें डीएनए मिलान के बारे में जानकारी दी.
विमान दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए एयर इंडिया टाटा समूह की दूसरी कंपनियों के संपर्क में
एयर इंडिया ने रविवार को कहा कि वह अहमदाबाद विमान दुर्घटना पीड़ितों के परिवारों को हर संभव मदद देने के लिए टाटा समूह की दूसरी कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है. एयरलाइन ने एक बयान में यह भी कहा कि 400 से अधिक परिवारों के सदस्य अहमदाबाद पहुंच चुके हैं और मौके पर मौजूद कंपनी के लोग उनकी मदद कर रहे हैं.
एयरलाइन ने कहा कि उसने सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के परिजनों/रिश्तेदारों से संपर्क कर लिया है और शवों तथा उनके निजी सामान परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है. एयर इंडिया ने कहा कि अहमदाबाद में हर प्रभावित परिवार को देखभाल के लिए कम से कम एक कार्यकर्ता दिया गया है. एयरलाइन ने कहा कि एयर इंडिया अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है और परिजनों के गुजरात से बाहर जाने और उनकी वापसी में मदद करेगी.
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव पी के मिश्रा ने रविवार को अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल और सिविल अस्पताल का भी दौरा किया, जहां घायलों का इलाज चल रहा है. राज्य सरकार के अधिकारियों ने मिश्रा को घटनाक्रम से अवगत कराया. एअर इंडिया का विमान बृहस्पतिवार को लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने के कुछ क्षण बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. मिश्रा ने घायलों का हालचाल जानने के बाद अस्पताल के मुर्दाघर पहुंचे. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”मैं इस त्रासदी की गंभीरता से बहुत दुखी हूं. हर कोई दुखी है. पीड़ितों के दुख को साझा करना और अपनी भावनाएं व्यक्त करना हमारा कर्तव्य है.”