पूर्व आईएएस अधिकारी नीलकंठ टेकाम भाजपा में शामिल, केशकाल से चुनाव लड़ने की संभावना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Aug 2023 08:19 PM
पूर्व आईएएस अधिकारी नीलकंठ टेकाम भाजपा में शामिल, केशकाल से चुनाव लड़ने की संभावना
ऑडियो सुनें

केशकाल. भारतीय प्रशासनिक सेवा से हाल ही में इस्तीफा देने वाले अधिकारी नीलकंठ टेकाम बुधवार को विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए और उनके छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना है. टेकाम कोंडागांव जिले के केशकाल शहर में पार्टी के एक कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान भाजपा के राज्य प्रभारी ओम माथुर, राज्य इकाई प्रमुख अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए.

टेकाम राज्य-कैडर के अधिकारी हैं, जिन्हें 2008 में भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत किया गया था, उन्होंने अतीत में कोंडागांव के कलेक्टर के रूप में कार्य किया था और उनके जिले की केशकाल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की संभावना है. जब उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया था तब वह राजकोष और लेखा विभाग के निदेशक थे. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने 17 अगस्त को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया.

यह पूछे जाने पर कि क्या वह केशकाल से चुनाव लड़ने जा रहे हैं, टेकाम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”अगर ऐसा होता है, तो इसका असर बस्तर की सभी 12 सीटों पर दिखाई देगा, क्योंकि मैंने क्षेत्र के सभी स्थानों पर काम किया है.” उन्होंने कहा, ”प्रदेश में परिवर्तन की लहर है और पार्टी को इससे फायदा होगा. हमने पहले ही एक रणनीति तैयार कर ली है और बस्तर के लोगों के अधिकारों के लिए काम करने का प्रयास किया जाएगा.”

टेकाम ने कहा, ”नौकरशाही और राजनीति में ज्यादा अंतर नहीं है और अगर नौकरशाहों को अगर इस दिशा में काम करने का मौका मिले तो यह अच्छा है कि वे राजनीति में आएं.” टेकाम (55) अनुसूचित जनजाति समुदाय से आते हैं. पड़ोसी कांकेर जिले के अंतागढ़ निवासी टेकाम ओपी चौधरी के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का विकल्प चुनकर भाजपा में शामिल होने वाले राज्य के दूसरे आईएएस अधिकारी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu