धर्मांतरण के आरोप में एक महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Dec 2025 09:13 PM
धर्मांतरण के आरोप में एक महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

शाहजहांपुर. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुलिस ने प्रार्थना सभा के नाम पर कथित रूप से धर्म परिवर्तन करने वाले ईसाई मिशनरी की एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक कुमार, विपिन, मोनू और एंजेल (महिला) के रूप में हुई है.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115, 351, 352 और विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है. अधिकारी ने घटना का ब्यौरा देते हुए बताया कि रोजा थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी में धर्मांतरण की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक बड़े कमरे में सभा होते हुए पाया. उन्होंने बताया कि सभा स्थल पर ईसाई धर्म का प्रतीक चिन्ह भी लगा हुआ था और वहां दर्जनों महिलाएं मौजूद थीं, जिनमें ईसाई के अलावा हिंदू महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल थे.

अधिकारी ने दर्ज प्राथमिकी के हवाले से बताया कि घटना स्थल पर मौजूद तमाम महिलाएं पुलिस को देखते ही भाग गईं. सभा स्थल पर मौजूद रमेश व लखन नाम के दो लोगों ने बताया कि अगर कोई धर्म परिवर्तन करता है तो उसे ईसाई समाज काफी पैसा देने के अलावा उसका विवाह भी करवा देता है.

अधिकारी ने बताया कि ठीक इसी तरह सिधौली थानाक्षेत्र में धर्मांतरण का एक अन्य मामला सामने आया और जांच में सामने आया कि संचालक के खाते में रोजाना करीब 48000 धनराशि आई थी. उन्होंने बताया कि यह धनराशि विदेश से डॉलर में आती थी. द्विवेदी ने बताया कि पुलिस धनराशि, अब तक कितने धर्मांतरण हुए और किस देश से इनका संबंध है, का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच में जुटी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu