जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में चार सैन्यकर्मी ​बलिदान, दो घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 Nov 2023 08:53 PM
ऑडियो सुनें

राजौरी/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में बुधवार को आतंकवादियों एवं सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ में सेना के कैप्टन स्तर के दो अधिकारियों समेत चार जवान बलिदान हो गये और दो अन्य घायल हो गये. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षाबलों ने मौके पर दो आतंकियों को घेर लिया है और भीषण मुठभेड़ जारी है. उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के दौरान दो कैप्टन, एक हवलदार और एक जवान बलिदान हो गये.

अधिकारियों ने कहा कि एक मेजर और एक अन्य जवान घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि घायलों को उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल ले जाया गया है. पुलिस ने बताया कि धर्मसाल के बाजीमाल इलाके में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई.

सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर रविवार को राजौरी के गुलाबगढ. जंगल के कालाकोट इलाके में संयुक्त अभियान शुरू किया गया. इसमें कहा गया है कि 22 नवंबर को मुठभेड़ हुई और भीषण गोलीबारी हुई. स्थानीय निवासियों ने बताया कि इलाके में सक्रिय आतंकवादियों का पता लगाने के लिए रविवार से ही घेराबंदी एवं तलाशी अभियान जारी है.

एक ग्रामीण ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”अभियान के कारण हमें घर पर ही रहने और बाहर न निकलने के लिए कहा गया था. हमारे बच्चे घर पर ही रहे और स्कूल नहीं गए.” उन्होंने बताया कि गांव के नजदीक वन क्षेत्र में मुठभेड़ जारी है. अधिकारियों ने कहा कि बाजीमाल में मुठभेड़ स्थल पर घेरे गए दोनों आतंकवादी विदेशी नागरिक प्रतीत होते हैं और रविवार से इलाके में घूम रहे थे. उन्होंने कहा कि आतंकियों ने एक उपासना स्थल पर भी शरण ली थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu