भारत में अवैध घुसपैठ करने के आरोप में चार बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Apr 2025 02:03 PM
भारत में अवैध घुसपैठ करने के आरोप में चार बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

अगरतला. सुरक्षाबलों ने भारत में अवैध रूप से घुसपैठ करने के आरोप में अगरतला रेलवे स्टेशन से चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने रविवार को बताया कि घुसपैठ करने में बांग्लादेशी नागरिकों की मदद करने के आरोप में त्रिपुरा के पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ”चार बांग्लादेशी नागरिकों को शनिवार को उस समय हिरासत में लिया गया जब वे कोलकाता जाने वाली ट्रेन में सवार होने वाले थे.” उन्होंने बताया कि भारत आने के लिए कोई भी वैध दस्तावेज पेश न करने के कारण बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

अधिकारी ने कहा, ”उन्हें यहां एक स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद पूछताछ के लिए तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.” इस बीच, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और रेलवे पुलिस की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को सिपाहीजाला जिले के सोनामुरा के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और घुसपैठ में कथित संलिप्तता को लेकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया. अधिकारी ने कहा, ”त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के विभिन्न स्थानों से आने वाले संदिग्ध मानव तस्करों को बांग्लादेशी नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कराने और रसद सहायता प्रदान करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.” उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu