गैंगस्टर पुजारी ने अदालत परिसर में पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए, हुई मारपीट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 12 Jun 2024 07:23 PM
गैंगस्टर पुजारी ने अदालत परिसर में पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए, हुई मारपीट
ऑडियो सुनें

बेलगावी. जेल में बंद गैंगस्टर जयेश पुजारी ने अदालत परिसर में कथित तौर पर पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए. यह घटना तब हुई जब गैंगस्टर को उसके खिलाफ लंबित एक मामले की सुनवाई के सिलसिले में अदालत में पेश होने के लिए लाया गया था. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि नारे लगाने के बाद वहां एकत्र हुए लोगों और वकीलों ने कथित तौर पर उसके साथ धक्का मुक्की की.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमारे पास अभी इस बात का कोई निर्णायक जवाब नहीं है कि उसने यह नारे क्यों लगाए. हम इस मामले की जांच कर रहे हैं.” पुलिस ने बताया कि गैंगस्टर जयेश पुजारी के खिलाफ 2018 में दर्ज एक मामले के संबंध में बुधवार को उसकी सुनवाई होनी थी और इसलिए उसे हिंडालगा स्थित केंद्रीय कारागार से अदालत लाया गया, जहां वह बंद है.” पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) आलोक कुमार को कथित तौर पर धमकी देने के बाद यह मामला दर्ज किया गया था. उन्होंने बताया कि गैंगस्टर पुजारी दोहरे हत्याकांड में भी दोषी है.

उन्होंने कहा कि बुधवार को जब उसे पेशी के लिए अदालत में ले जाया जा रहा था, तभी उसने परिसर के अंदर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए. वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उसे दबोचा और थाने ले आए. यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने पर उस पर हमला किया गया, अधिकारी ने कहा, “हम जांच कर रहे हैं, हमें अभी पता लगाना है कि क्या हुआ था. फुटेज में दिखाया गया है कि उस पर कथित रूप से हमला किया गया था, लेकिन क्या वास्तव में उस पर हमला किया गया था या नहीं, इसकी हम अभी जांच कर रहे हैं. चोट का कोई निशान साफ साफ नहीं दिख रहा है.”

पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, “आज की घटना के संबंध में गैंगस्टर पुजारी के खिलाफ बेलगावी शहर के बाजार पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 295 ए (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य, किसी भी वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वास का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को आहत करने का इरादा) और धारा 505 (2) (वर्गों के बीच दुश्मनी, घृणा या दुर्भावना पैदा करने या बढ.ावा देने वाले बयान) के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है और बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा.” पुलिस ने बताया कि गैंगस्टर जयेश पुजारी ने पिछले साल केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय में फिरौती की मांग करते हुए धमकी भरे फोन किए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu