गरियाबंद: चुनाव ड्यूटी के लिए पहुंचे मध्य प्रदेश पुलिस के जवान ने खुद को मारी गोली, मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 26 Apr 2024 06:57 PM
गरियाबंद: चुनाव ड्यूटी के लिए पहुंचे मध्य प्रदेश पुलिस के जवान ने खुद को मारी गोली, मौत

ऑडियो सुनें

गरियाबंद. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शुक्रवार को चुनाव ड्यूटी के लिए पहुंचे मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र बल के एक जवान ने अपनी र्सिवस राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. गरियाबंद महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में आता है जहां आम चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को मतदान हो रहा है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे पीपरछेड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के कूड़ेरादादर गांव के एक सरकारी स्कूल में हुई, जहां चुनाव ड्यूटी के लिए सुरक्षाकर्मी पहुंचे थे.

उन्होंने बताया कि प्रधान आरक्षक जियालाल पवार ने कथित तौर पर वहां एक कमरे में अपनी र्सिवस राइफल से खुद को गोली मार ली.
अधिकारियों ने बताया कि पवार रिजर्व टीम में थे और उन्हें मतदान ड्यूटी के लिए तैनात नहीं किया गया था. उन्होंने बताया कि पवार मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल के 34 वीं बटालियन में थे. अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. उन्होंने बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. मामले की जांच की जा रही है.

By Yogesh Kumar Sahu