गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: किसान से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 15 Apr 2025 08:16 PM
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: किसान से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के दल ने एक किसान से 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एक राजस्व निरीक्षक को गिरफ्तार कर लिया तथा एक अन्य व्यक्ति फरार है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने बताया कि एसीबी के दल ने गौरेला क्षेत्र में एक किसान से 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में राजस्व निरीक्षक संतोष कुमार चंद्रसेन को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले का अन्य आरोपी राजस्व निरीक्षक घनश्याम भारद्वाज फरार है.

उन्होंने बताया कि जिले के आंदु गांव निवासी रंजीत सिंह राठौर ने बिलासपुर स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में शिकायत की थी कि उनके पिता के नाम पर दो एकड़ कृषि जमीन है जिसके सीमांकन के लिए तहसीलदार गौरेला के यहां से आदेश हो चुका है. जमीन का सीमांकन करने के एवज में राजस्व निरीक्षक गौरेला घनश्याम भारद्वाज ने 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की है.

अधिकारियों ने बताया कि शिकायत का सत्यापन कराया गया और शिकायत के सही पाए जाने पर एसीबी बिलासपुर ने आज रिश्वत की रकम लेने में मध्यस्थता करने वाले राजस्व निरीक्षक संतोष कुमार चंद्रसेन (राजस्व निरीक्षक घनश्याम भारद्वाज का साथी) को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा.

उन्होंने बताया कि चंद्रसेन से रिश्वत की रकम (50 हजार रुपये) जब्त कर लिया गया है, लेकिन रिश्वत की मांग करने वाला राजस्व निरीक्षक घनश्याम भारद्वाज मौके से फरार हो गया. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी चंद्रसेन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है तथा भारद्वाज की तलाश की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu