गावस्कर ने कहा, भारतीय टीम की कप्तानी के दावेदार के रूप में उभरे हैं हार्दिक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 May 2022 09:32 PM
गावस्कर ने कहा, भारतीय टीम की कप्तानी के दावेदार के रूप में उभरे हैं हार्दिक
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में हार्दिक पंड्या की ‘नेतृत्व क्षमता’ से प्रभावित पूर्व महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि यह स्टार आलराउंडर निकट भविष्य में भारतीय टीम की अगुआई करने के प्रबल दावेदार के रूप में उभरा है. पिछले साल टी20 विश्व कप में लचर प्रदर्शन के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर रहे हार्दिक ने गुजरात टाइटंस की अगुआई करते हुए टीम को उसके पहले ही सत्र में खिताब दिलाया.

गावस्कर ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘‘हां निश्चित तौर पर. यह सिर्फ मेरा आकलन नहीं बल्कि सभी का आकलन है (नेतृत्वकर्ता के रूप में हार्दिक का दर्जा बढ़ा है). यह उसके खेल का ऐसा पहलू था जिसके बारे में किसी को अधिक जानकारी नहीं थी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब आपके अंदर नेतृत्व क्षमता होती है तो निकट भविष्य में भारतीय राष्ट्रीय टीम की कप्तानी के सम्मान का रास्ता स्वत: ही खुल जाता है.’’ गावस्कर ने कहा, ‘‘यह रोमांचक है, तीन या चार और नाम दौड़ में हैं. मैं यह नहीं कहूंगा कि अगला वही होगा लेकिन चयन समिति के पास विकल्प होना शानदार है.’’

कम स्कोर वाले फाइनल में हार्दिक ने पूर्व चैंपियन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 17 रन पर तीन विकेट चटकाने के बाद 30 गेंद में 34 रन की पारी खेलकर गुजरात टाइटंस को सात विकेट की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. हार्दिक ने टूर्नामेंट में 487 रन बनाने के अलावा आठ विकेट चटकाए.

गावस्कर ने कहा, ‘‘हम सभी को पता है कि वह बल्ले के साथ क्या कर सकता है, वह गेंद के साथ क्या कर सकता है लेकिन सत्र की शुरुआत से पहले थोड़ी ंिचता थी कि क्या वह अपने कोटा के पूरे ओवर गेंदबाजी कर पाएगा. उसे ऐसा किया, उसने ऐसा करके दिखाया. आलराउंडर का यह पहलू पूरा हो गया और सभी खुश हैं.’’ हार्दिक चार बार आईपीएल खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियन्स का हिस्सा रहे लेकिन कप्तान के रूप में यह उनका पहला खिताब है. हार्दिक ने आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैच की घरेलू टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में वापसी की है. इस टीम की कमान लोकेश राहुल को सौंपी गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu