सरकार का इरादा वाहन उद्योग के कारोबार को दोगुना कर 15 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचाने का : गडकरी

जयपुर. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि सरकार का इरादा वाहन उद्योग के कारोबार को दोगुना कर 15 लाख करोड़ रुपये करने का है. अभी वाहन उद्योग का कारोबार 7.5 लाख करोड़ रुपये है. पिछले नौ साल की केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बताने के लिए राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि गरीबी हटाने के नाम पर, कांग्रेस नेताओं ने अपनी गरीबी खत्म कर ली.

उन्होंने कहा, ”वाहन उद्योग का कारोबार 7.55 लाख करोड़ रुपये है और इस क्षेत्र में साढ़े चार करोड़ लोगों को नौकरियां मिली हैं. यह उद्योग सरकार को सबसे ज्यादा माल एवं सेवा कर (जीएसटी) देता है. हमने तय किया है कि हम इस उद्योग को 15 लाख करोड़ रुपये का बनाएंगे.” उन्होंने कहा कि यह उद्योग दस करोड़ नौकरियां पैदा करेगा. उन्होंने कहा कि भारत ने वाहन विनिर्माण में जापान को पछाड़ दिया है और विश्वस्तर पर चीन और अमेरिका के बाद तीसरे स्थान पर आ गया है.

उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा, ”ज्ञान एक महान शक्ति है और ज्ञान को धन में परिर्वितत करना ही हमारा भविष्य है.” उन्होंने कहा कि किसान आज न केवल अन्नदाता हैं बल्कि एथनॉल और सौर ऊर्जा का उत्पादन कर ऊर्जा प्रदाता भी हैं. उन्होंने कहा कि ऑटो रिक्शा से लेकर कार तक गाड़ियां एथनॉल से चलेंगी और भारत का आयात कम होगा और किसान समृद्ध होंगे. उन्होंने कहा कि पिछले नौ साल में नरेंद्र मोदी सरकार ने कई विकास के कदम उठाए हैं और देश को प्रगति दिलाई है.

कार्यक्रम में मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने भारत में लगभग 60 साल तक शासन किया और गरीबी हटाओ का नारा दिया गया लेकिन गरीबों की गरीबी दूर नहीं हुई लेकिन कांग्रेस के लोगों ने अपनी ‘गरीबी’ दूर कर ली. कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया. इससे पहले एक अन्य कार्यक्रम में गडकरी ने 5,625 करोड़ रुपये की 11 राजमार्ग परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया.

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी जयपुर स्थित अपने आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित किया. मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से राजस्थान की 50 सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के संबंध में शीघ्र गजट अधिसूचना जारी करने का आग्रह किया.

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से क्षेत्र के विकास में तेजी आयेगी. उन्होंने कहा कि जोधपुर एलिवेटेड रोड की 2,000 करोड़ रुपये की तैयार डीपीआर पर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाये. उन्होंने रिंग रोड के शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया.
गहलोत ने कहा कि पचपदरा में 90 लाख टन की रिफाइनरी से जोधपुर-पचपदरा के बीच यातायात बढ़ेगा. इसलिए वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए जोधपुर और पचपदरा रिफाइनरी को अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नई सड़कों के निर्माण के साथ-साथ सुदृढ़ीकरण के कार्य किये जा रहे हैं. राज्य में लगभग 1.32 लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है. इसमें 61,000 किमी सड़कें बन चुकी हैं और 71,000 किमी पर निर्माण कार्य जारी है.
समारोह की अध्यक्षता करते हुए गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ने मजबूत सड़क नेटवर्क के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है. राज्य में बेहतर सड़क संपर्क के कारण आर्थिक और औद्योगिक विकास को गति मिली है. अब राजस्थान मजबूत सड़क नेटवर्क वाले देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button