
नयी दिल्ली: हरियाणा में सभी 90 विधानसभा सीट के लिए एक अक्टूबर को मतदान होगा तथा मतगणना चार अक्टूबर को होगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम घोषणा की। कुमार द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना पांच सितंबर को जारी होगी तथा नामांकन 12 सितंबर तक दाखिल किए जा सकते हैं।
निर्वाचन आयोग (ईसी) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन की छानबीन 13 सितंबर को जाएगी तथा नाम वापसी की आखिरी तारीख 16 सितंबर होगी। कुमार ने बताया कि मतदान एक चरण में एक अक्टूबर को होगा तथा चार अक्टूबर को मतगणना होगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के कुल 90 विधानसभा क्षेत्रों में 2.01 करोड़ मतदाता हैं जिनमें 95 लाख महिलाएं हैं।
उन्होंने कहा कि 2.54 लाख मतदाता 85 साल से अधिक आयु के हैं। कुमार ने कहा, ‘‘10321 से अधिक मतदाता 100 साल से अधिक उम्र के हैं। इन सबको हमारा नमन। ये सब वोट देने आएं, इसकी हम पूरी कोशिश करेंगे।’’ उन्होंने बताया कि निर्वाचन सूची 27 अगस्त को प्रकाशित कर दी जाएगी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के मुताबिक, हरियाणा में 20,629 मतदान केंद्र होंगे जिनमें करीब 7000 मतदान केंद्र शहरी इलाकों में होंगे। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे हरियाणा के शहरी इलाकों की बहुमंजिला सोसायटी में भी मतदान केंद्रों की स्थापना की जाएगी ताकि मत प्रतिशत बढ़ सके।
हरियाणा में वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है। इसका कार्यकाल तीन नवंबर को पूरा हो रहा है। प्रदेश में कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में भाजपा ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) के साथ मिलकर गठबंधन की सरकार बनाई थी।
हालांकि लोकसभा चुनाव में सीट साझेदारी को लेकर असहमति के बाद यह गठबंधन टूट गया था। बाद में भाजपा ने निर्दलीय विधायकों के समर्थन के दम पर अपनी सरकार बचा ली। कुछ महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव में हरियाणा की 10 लोकसभा सीट में से भाजपा को पांच और कांग्रेस को पांच सीट हासिल हुई थीं।



