कार शोरूम पर गोलीबारी के बाद होटल और मिठाई की दुकान को बनाया गया निशाना

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 28 Sep 2024 04:31 PM
कार शोरूम पर गोलीबारी के बाद होटल और मिठाई की दुकान को बनाया गया निशाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में पुरानी लग्जरी कारों के एक शोरूम पर गोलीबारी के कुछ घंटों बाद गोलीबारी की दो और घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। शनिवार तड़के कुछ अज्ञात हमलावरों ने दक्षिणी दिल्ली के महिपालपुर इलाके में एक होटल को निशाना बनाया, जबकि बाद में कुछ हमलावरों ने नांगलोई के सुल्तानपुर मोड़ पर एक मिठाई की दुकान पर गोलीबारी की।

गोलीबारी की तीनों घटनाओं में कोई घायल नहीं हुआ है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे दो लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए, जिनका चेहरा ढका हुआ था और उन्होंने ‘रोशन हलवाई’ की दुकान पर तीन-चार गोलियां चलाईं।

अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन दुकान में कुछ कांच टूट गए। पुलिस को संदेह है कि गोलीबारी का संबंध कुछ गैंगस्टरों के रंगदारी मांगने से है। पुलिस ने बताया कि मिठाई की दुकान पर गोलीबारी के बाद एक पर्चा मिला है, जिसपर गैंगस्टर-‘‘दीपक बॉक्सर भाई, अंकेश लकड़ा भाई और विशाल भाई’’ के नाम लिखे हैं।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर ली गई है और जांच जारी है। इससे पहले, शुक्रवार को देर रात करीब 2:30 बजे दो लोग मोटरसाइकिल पर आए और दक्षिणी दिल्ली में स्थित ‘इम्प्रेस होटल’ के मुख्य प्रवेश द्वार पर पांच से छह गोलियां चलाईं।

पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन कुछ शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के वक्त होटल में कर्मचारी और कुछ मेहमान मौजूद थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार रात पश्चिमी दिल्ली के नारायणा इलाके में पुरानी लग्जरी कार के शोरूम पर तीन लोगों ने गोलीबारी की। इस मामले में भी कोई हताहत नहीं हुआ।

सूत्रों ने कहा कि यह हिमांशु भाऊ गिरोह द्वारा जबरन वसूली का प्रयास था। उन्होंने बताया कि गैंगस्टर ने कार शोरूम के मालिक से रंगदारी के तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की है। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने शोरूम के अंदर और बाहर दो दर्जन से अधिक गोलियां चलाईं।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav