अयोध्या के सौंदर्यीकरण के लिए मोदी-योगी की तारीफ करने पर पति ने तीन तलाक दिया, मामला दर्ज

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 23 Aug 2024 01:25 PM
अयोध्या के सौंदर्यीकरण के लिए मोदी-योगी की तारीफ करने पर पति ने तीन तलाक दिया, मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

बहराइच: मुस्लिम समुदाय की एक नवविवाहिता द्वारा अयोध्या के सौंदर्यीकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की तारीफ करने पर उसके पति द्वारा कथित तौर पर तीन तलाक देने और ससुराल वालों द्वारा उत्पीड़न करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जरवल रोड के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) बृजराज प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया “पीड़िता ने अपनी शिकायत में पांच अगस्त की अयोध्या की घटना बताई है, जिसमें आपसी विवाद के बाद गरम दाल से जलाने व अन्य आरोप लगाए गए हैं।”

एसएचओ के अनुसार ”हालांकि उसी दिन (पांच अगस्त को) अयोध्या कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गयी थी, लेकिन बाद में तीन तलाक व जान से मारने की धमकी की बात सामने आई।” उन्होंने पीड़िता के हवाले से बताया कि वह अयोध्या पुलिस के पास गयी थी, लेकिन वहां मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। ऐसा क्यों हुआ, इसकी जानकारी नहीं है।

एसएचओ ने बताया ”पीड़िता का मायका बहराइच के जरवल रोड में है। बृहस्पतिवार को उसकी तहरीर पर पति अरशद, सास रईशा, ससुर इस्लाम, ननद कुलसुम, देवर फरान व शफाक, देवरानी सिमरन समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।” पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले में बहराइच के जरवल रोड थाने में आठ अभियुक्तों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, धमकी तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम और मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।

बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी आया जिसमें महिला को यह कहते सुना जा सकता है “13 दिसंबर, 2023 को अयोध्या के कोतवाली नगर के मोहल्ला दिल्ली दरवाजा के रहने वाले इस्लाम के बेटे अरशद से मेरा निकाह हुआ था। दोनों पक्ष की रजामंदी और हैसियत से ज्यादा खर्च कर पिता ने मेरा निकाह कराया।’’ वीडियो में महिला कह रही है ”निकाह के बाद जब मैं शहर में निकली तो मुझे अयोध्या धाम की सड़कें, ‘लता चौक’ की खूबसूरती, वहां का विकास और आबोहवा बहुत अच्छी लगी। पति के सामने मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ की।”

महिला ने कहा कि यह सुन कर उसके पति ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और उसे उसके मायके भेज दिया। उसके मायके वालों ने उसकी ससुराल वालों के साथ उसकी सुलह कराई जिसके बाद वह ससुराल आ गई। शिकायत के अनुसार, ससुराल में उसके पति ने उसे कहा ‘‘तुम लोगों का दिमाग खराब है। ज्यादा थाना-पुलिस हो गया है। तुम लोग चाहे जितना कानून बना लो, लेकिन मैं तुम्हें ‘तलाक, तलाक, तलाक’ देता हूं।”

महिला वीडियो में आरोप लगा रही है कि सास, छोटी ननद और देवरों ने उसका गला दबाया और फिर पति सहित सबने उसे मार पीट कर घर से निकाल दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उसके ऊपर गरम दाल उड़ेल दी, जिससे उसका चेहरा जल गया। महिला के अनुसार, वह अपने घर आ गई। पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी एक शिकायत की है। उसमें उसने आरोप लगाया कि उसका पति अरशद उस पर कुछ रुपयों का इंतजाम करने के लिए दबाव बना रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav