‘हमको लग रहा था कि भीड़ हम पर हमला कर देगी’, कंगना रनौत ने बताया संसद के अंदर कैसा था माहौल?

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 21 Jul 2026 03:24 PM
‘हमको लग रहा था कि भीड़ हम पर हमला कर देगी’, कंगना रनौत ने बताया संसद के अंदर कैसा था माहौल?
ऑडियो सुनें

 नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के हालिया विरोध प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद कंगना रनौत ने दिल्ली पुलिस के रुख का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के समय स्थिति इतनी खतरनाक हो गई थी कि संसद के भीतर मौजूद सभी लोग बुरी तरह घबराए हुए थे।

सांसद कंगना रनौत ने संसद परिसर के अंदर का आंखों देखा हाल बताते हुए कहा- संसद के अंदर हर कोई दहशत में था। संसद के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए थे और हम सांसद अंदर ही फंस कर रह गए थे। यहां तक कि सदन स्थगित होने के बाद भी हम बाहर नहीं निकल पा रहे थे।
उग्र भीड़ के रुख पर चिंता जताते हुए उन्होंने आगे कहा- आपने देखा होगा कि कैसे भीड़ हमला करने की कोशिश कर रही थी। एक वक्त तो हम सभी इस डर में थे कि वे कहीं हम पर हमला न कर दें। प्रदर्शन के दौरान पथराव भी हुआ और कुछ लोग घायल भी हुए, लेकिन आम जनता को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। मैं दिल्ली पुलिस का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने हमारे लिए एक सुरक्षा ढाल की तरह काम किया।
गौरतलब है कि सोमवार को CJP के संसद मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली थी। इस मामले को लेकर जहां एक तरफ विपक्ष पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग और लाठीचार्ज को लेकर सरकार पर हमलावर है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा के कुछ नेताओ ने पुलिस की कार्रवाई का बचाव किया है। भाजपा का कहना है कि पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया, ताकि स्थिति को हिंसक होने से रोका जा सके।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav