आईसीसी भारत में खेलने को लेकर बनी चिंताओं को दूर करने के लिए मिलकर काम करने को तैयार: बीसीबी

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 07 Jan 2026 01:41 PM
आईसीसी भारत में खेलने को लेकर बनी चिंताओं को दूर करने के लिए मिलकर काम करने को तैयार: बीसीबी
ऑडियो सुनें

ढाका: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने बुधवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप में उसकी टीम की भागीदारी से संबंधित चिंताओं को दूर करने के लिए उसके साथ ‘काम करने की इच्छा व्यक्त की है।’ बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव बढ़ गया है। इससे नाराज बीसीबी ने आईसीसी को पत्र लिखकर भारत में होने वाले विश्व कप के उसके चार मैचों को सह मेजबान श्रीलंका में आयोजित करने की मांग की थी।

बीसीबी ने एक बयान में कहा, ‘‘टी20 विश्व कप के लिए भारत में बांग्लादेश की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की सुरक्षा को लेकर बोर्ड द्वारा व्यक्त की गई चिंताओं के संबंध में आईसीसी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। बीसीबी ने टीम के मैचों को स्थानांतरित करने का अनुरोध भी किया था।’’ बयान ने कहा गया है, ‘‘आईसीसी ने टूर्नामेंट में बांग्लादेश की टीम की पूर्ण और निर्बाध भागीदारी सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘आईसीसी ने हमारी चिंताओं को दूर करने के लिए बीसीबी के साथ मिलकर काम करने की अपनी इच्छा व्यक्त की है। आईसीसी ने आश्वासन दिया है कि बोर्ड के सुझावों का स्वागत किया जाएगा और प्रतियोगिता के आयोजन के लिए विस्तृत सुरक्षा योजना के हिस्से के रूप में उन पर विधिवत विचार किया जाएगा।’’ आईसीसी ने इस संबंध में अभी तक किसी तरह की सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। टी20 विश्व कप सात फरवरी से शुरू होगा जिसके पूर्व कार्यक्रम के अनुसार बांग्लादेश को अपने चार मैच कोलकाता और मुंबई में खेलने हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital