आईसीसी ने विश्व कप फाइनल की पिच को औसत करार दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Dec 2023 09:09 PM
आईसीसी ने विश्व कप फाइनल की पिच को औसत करार दिया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की उस पिच को औसत करार दिया है जिस पर 19 नवंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे विश्व कप का फाइनल खेला गया था. आईसीसी मैच रेफरी और जिम्बाब्वे के पूर्व बल्लेबाज एंडी पाइक्रॉफ्ट ने हालांकि मैदान की आउटफील्ड को बहुत अच्छा करार दिया.

जिस पिच पर फाइनल खेला गया वह काफी धीमी थी. ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में भारत को छह विकेट से हराकर खिताब जीता था.
भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में केवल 240 रन बना पाई. ऑस्ट्रेलिया ने 43 ओवर में लक्ष्य हासिल कर दिया. उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने 120 गेंद पर 137 रन की लाजवाब पारी खेली.

भारत लीग चरण में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्रमश? कोलकाता, लखनऊ, अहमदाबाद और चेन्नई की जिन पिचों पर खेला था, आईसीसी ने उन्हें भी औसत करार दिया है.. भारत ने सेमीफाइनल में वानखेड़े स्टेडियम कि जिस पिच पर न्यूजीलैंड का सामना किया था, आईसीसी ने उसे ‘अच्छी’ रेटिंग दी है. इस मैच से पहले हालांकि मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया था कि कि भारत ने पिच बदलवा दी थी और यह मैच नई पिच के बजाय पहले इस्तेमाल की गई पिच पर खेला गया था.

आईसीसी ने कोलकाता के ईडन गार्डंस की उस पिच को भी औसत करार दिया है जिस पर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा सेमीफाइनल खेला गया था. इस कम स्कोर वाले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 49.4 ओवर में 212 रन पर समेट दिया था. ऑस्ट्रेलिया ने इसके बाद 47.2 ओवर में सात विकेट होकर लक्ष्य हासिल किया था.

आईसीसी के मैच रेफरी और भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने हालांकि ईडन गार्डंस की आउटफील्ड को बहुत अच्छा करार दिया. आईसीसी के अनुसार किसी पिच को औसत रेटिंग तब दी जाती है जबकि उसमें कम उछाल हो और ‘सीम मूवमेंट’ भी कम हो और गेंद रुक कर बल्ले पर आ रही हो. ऐसी पिच जिस पर हल्का टर्न हो लेकिन स्पिनरों को पर्याप्त उछाल नहीं मिल रहा हो.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu