अगर मोदी, शाह और अंबानी एक हैं, तो सुरक्षित हैं: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Nov 2024 09:32 PM
अगर मोदी, शाह और अंबानी एक हैं, तो सुरक्षित हैं: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

रांची. कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को भाजपा के नारे ‘एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे’ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अंबानी जैसे अरबपतियों के बीच एकजुटता के लिए दिया गया है. कांग्रेस नेता ने मणिपुर का दौरा नहीं करने के लिए मोदी पर निशाना साधा और कहा कि राज्य पिछले डेढ़ साल से ‘जल रहा है.’ उन्होंने आरोप लगाया कि शाह मणिपुर में हिंसा को रोकने में रुचि नहीं ले रहे, क्योंकि ‘निहित स्वार्थ’ काम कर रहे हैं.

गांधी ने रांची में संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाते हुए कहा, “मैं भाजपा के नारे – ‘एक हैं तो सुरक्षित हैं’ का वास्तविक अर्थ समझाता हूं. इसका मतलब है कि अगर मोदी, शाह और अंबानी ‘एक’ हैं, तो वे ‘सुरक्षित’ हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि हवाई अड्डों, बंदरगाहों और प्राकृतिक संसाधनों समेत देश की प्रमुख संपत्तियां को पारदर्शी निविदा प्रक्रियाओं का पालन किए बिना अदाणी और अंबानी जैसे अरबपतियों को सौंपी जा रही हैं.

गांधी ने कहा कि जाति जनगणना देश के लिए जरूरी है और इससे यह पता चलेगा कि किसके पास कितना धन है. उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस को सटीक निर्णय लेने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि जाति जनगणना से पता चलेगा कि देश की सत्ता में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग (जो भारत की आबादी का 73 प्रतिशत हैं) का क्या स्थान है. उन्होंने कहा कि इस सर्वेक्षण से देश का विकास और परिवर्तन होगा.

उन्होंने कहा, “यह विचारधाराओं की लड़ाई है: एक तरफ इंडिया गठबंधन है जो संविधान की रक्षा कर रहा है और गरीबों, दलितों व आदिवासियों की सरकार चलाना चाहता है. दूसरी तरफ वे शक्तियां हैं जो संविधान को कुचलना चाहती हैं, इसे खत्म करना चाहती हैं. यह बात भाजपा और आरएसएस के वरिष्ठ नेताओं ने कही है.” गांधी ने कहा, “मैंने लोकसभा में कहा था कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन दलितों, आदिवासियों और पिछड़े समुदायों की आबादी का प्रतिशत जानने और विभिन्न संस्थाओं में उनकी भागीदारी का पता लगाने के लिए जाति जनगणना कराएंगे. मैंने यह भी कहा था कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन आरक्षण पर लगी 50 प्रतिशत की सीमा को हटा देंगे.” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री यह झूठ फैलाते हैं कि राहुल गांधी आरक्षण के खिलाफ है.

उन्होंने कहा, “मैं आरक्षण के खिलाफ नहीं हूं, मैं इसे 50 प्रतिशत से आगे बढ़ाना चाहता हूं.” मणिपुर के बारे में उन्होंने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि राज्य में क्या हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया, “मणिपुर पिछले डेढ़ साल से जल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार भी राज्य का दौरा नहीं किया. मैं वहां गया और स्थिति देखी तथा सरकार से हिंसा पर काबू पाने का आग्रह किया. गृह मंत्री को अपना काम करना चाहिए था, लेकिन वह इसमें रुचि नहीं ले रहे… कुछ स्वार्थी लोग इसमें शामिल हैं.” हालांकि, गांधी ने अपने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu