नियमों में अस्पष्टता के कारण भारतीय डाक ने अमेरिका के लिए सभी डाक बुकिंग निलंबित की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Aug 2025 08:27 PM
नियमों में अस्पष्टता के कारण भारतीय डाक ने अमेरिका के लिए सभी डाक बुकिंग निलंबित की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय डाक ने अमेरिकी सीमा शुल्क विभाग द्वारा जारी नए नियमों में स्पष्टता के अभाव में अमेरिका जाने वाले सभी प्रकार की डाक बुकिंग सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं. एक आधिकारिक बयान में रविवार को यह जानकारी दी गई. इससे पहले, अमेरिकी सरकार द्वारा जारी किए गए नए सीमा शुल्क नियमों के कारण देश के डाक विभाग ने 100 अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य के उपहारों के लिए डाक सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था.

बयान में कहा गया है, ”22 अगस्त, 2025 के सार्वजनिक नोटिस के क्रम में, डाक विभाग ने अमेरिका के लिए डाक बुकिंग पर लगे निलंबन की समीक्षा की है. चूंकि अमेरिका जाने वाली डाक को ले जाने वाले वाहक अब भी उपलब्ध नहीं हैं और नियामक प्रक्रियाओं को लेकर अब भी स्पष्टता नहीं है, इसलिए यह निर्णय लिया गया है कि 100 अमेरिकी डॉलर तक के पत्र, दस्तावेज और उपहार सहित सभी प्रकार की डाक बुकिंग को पूरी तरह से निलंबित कर दिया जाए.” डाक विभाग ने कहा कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और सेवाएं जल्द से जल्द बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है.

बयान में कहा गया है, ”जिन ग्राहकों ने पहले ही सामान बुक करा दिया है और उन्हें भेजा नहीं जा सका है, वे डाक शुल्क वापसी का दावा कर सकते हैं.” इससे पहले 23 अगस्त को विभाग ने कहा था कि अमेरिकी सीमा शुल्क विभाग द्वारा जारी नए मानदंडों में स्पष्टता की कमी के कारण अमेरिका जाने वाली हवाई कंपनियों द्वारा खेप ले जाने से इनकार किए जाने के कारण भारत से अमेरिका तक की डाक सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं. अमेरिकी प्रशासन द्वारा 30 जुलाई, 2025 को जारी एक कार्यकारी आदेश के अनुसार, 100 अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य के सामान 29 अगस्त से अमेरिका में सीमा शुल्क के अधीन होंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu