टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंचा भारत, अब तीनों प्रारूप में शीर्ष पर काबिज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Mar 2024 06:23 PM
टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंचा भारत, अब तीनों प्रारूप में शीर्ष पर काबिज
ऑडियो सुनें

दुबई. भारत ने धर्मशाला में इंग्लैंड को करारी शिकस्त देकर पांच मैच की श्रृंखला 4-1 से जीतकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक स्थान हासिल कर लिया. भारत ने ऑस्ट्रेलिया की जगह शीर्ष स्थान हासिल किया. इस तरह से भारतीय टीम खेल के तीनों प्रारूप की आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हो गई है. भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में पहले ही शीर्ष पर बना हुआ है.

न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्राइस्टचर्च में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच का परिणाम कुछ भी रहे रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम शीर्ष पर बनी रहेगी. विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा विजेता ऑस्ट्रेलिया ने वेलिंगटन में पहला टेस्ट मैच 172 रन से जीता था और वह अभी श्रृंखला में 1-0 से आगे है. भारत के टेस्ट रैंकिंग में अब 122 रेटिंग अंक हो गए हैं जो ऑस्ट्रेलिया से पांच अधिक हैं. इंग्लैंड की टीम 111 रेटिंग अंक के साथ तीसरे स्थान पर है.

वनडे में भारत के 121 रेटिंग अंक हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया 118 रेटिंग अंक के साथ दूसरे स्थान पर है. टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के 266 अंक हैं. इंग्लैंड इस प्रारूप में 256 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है. भारत सितंबर 2023 से जनवरी 2024 के बीच टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर रहा था. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला बराबरी पर छूटने के कारण भारत दूसरे नंबर पर खिसक गया था.

ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैच की श्रृंखला में क्लीन स्वीप करके भारत की जगह पहला स्थान हासिल किया था. इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला में भारत हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 28 रन से हार गया था लेकिन इसके बाद उसने अगले चार टेस्ट मैच जीतकर शानदार वापसी करके आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में फिर से शीर्ष स्थान हासिल किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu