भारत का सपना तभी साकार होगा जब राज्य, जिले और गांव विकसित होंगे: प्रधानमंत्री मोदी

मेरी लिए गरीब ही सबसे बड़ी जाति और सबसे बड़ी आबादी है: प्रधानमंत्री मोदी

जगदलपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ में 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब सभी राज्य, जिले और गांव विकसित होंगे. बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ में 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया.

इन परियोजनाओं में नगरनार स्थित ‘एनएमडीसी स्टील लिमिटेड’ का इस्पात संयंत्र भी शामिल है. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा, “आज छत्तीसगढ़ को लगभग 27 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं मिल रही हैं और इन नई परियोजनाओं से राज्य के लोगों के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर खुलेंगे, क्षेत्र की प्रगति में तेजी आएगी और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए माहौल तैयार होगा.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का हर राज्य, जिला और गांव विकसित होगा.”

उन्होंने कहा, ”विकसित भारत के लिए भौतिक, डिजिटल और सामाजिक अवसंरचना भी भविष्य की जरूरतों के हिसाब से होनी चाहिए. यही वजह है हमारी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में अवसंरचना पर होने वाले खर्च को बढ़ाकर इस साल 10 लाख करोड़ रुपये कर दिया है. ये पहले के मुकाबले छह गुना ज्यादा है.”

विभिन्न विकास और बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में इस्पात की भूमिका के बारे में उन्होंने कहा, ”आज देश में रेल, सड़क, हवाई अड्डा, ऊर्जा परियोजनाएं, गाड़ियां, गरीबों के घर, स्कूल-कॉलेज-अस्पताल बन रहे हैं, इन सब में इस्पात का बहुत महत्व है. इस्पात के निर्माण में भारत आत्मनिर्भर हो, इसके लिए बीते नौ वर्षों में अनेक कदम उठाए गए हैं. एक बड़ा इस्पात उत्पादक राज्य होने के कारण छत्तीसगढ़ को इसका बहुत लाभ मिल रहा है.”

प्रधानमंत्री ने कहा, ”छत्तीसगढ़ की इसी भूमिका को विस्तार देते हुए आज नगरनार में भारत के सबसे आधुनिक इस्पात संयंत्र में से एक का लोकार्पण हुआ है. यहां बनने वाला इस्पात, भारत के ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग और तेजी से बढ़ते रक्षा निर्माण क्षेत्र के बहुत काम आने वाला है, नई ऊर्जा देने वाला है. यानि बस्तर में जो इस्पात बनेगा, उससे हमारी सेना भी सशक्त होगी और रक्षा निर्यात में भारत का डंका भी बजेगा.” उन्होंने कहा कि इस इस्पात संयंत्र के कारण बस्तर सहित आसपास के इलाकों के करीब-करीब 50 हजार नौजवानों को रोजगार मिलेगा. यह भी बताया कि केंद्र सरकार बस्तर जैसे हमारे आकांक्षी जिलों के विकास को प्राथमिकता दे रही है और इस मिशन को भी यह संयंत्र नई गति देगा.

उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों में केंद्र सरकार का विशेष जोर ‘कनेक्टिविटी’ पर रहा है और छत्तीसगढ़ को भी ‘इकनोमिक कॉरिडोर्स’ और आधुनिक हाईवे मिले हैं. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले की तुलना में छत्तीसगढ़ का रेल बजट करीब -करीब 20 गुणा बढ़ाया गया है. आज राज्य में रेलवे की कई बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं.

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों में भी अब तक छत्तीसगढ़ के ताड़ोकी को रेलवे के नक्शे में जगह नहीं मिली थी, लेकिन आज ताड़ोकी को नई रेल लाइन की सौगात मिल रही है. प्रधानमंत्री ने कहा, ”हम छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों में तेजी लाना जारी रखेंगे, जो भारत के भाग्य को बदलने में बड़ी भूमिका निभाएगा.”

उन्होंने कहा, ”मुझे खुशी है कि छत्तीसगढ़ में शत प्रतिशत रेल मार्ग का बिजलीकरण का काम पूरा कर लिया गया है. इससे रेल की गति भी बढ़ेगी और छत्तीसगढ़ की हवा को साफ-सुधरा रखने में भी मदद मिलेगी. छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के पूरी तरह बिजलीकरण के बाद राज्य में वंदे भारत एक्सप्रेस का भी संचालन किया जा रहा है.” उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत सरकार छत्तीसगढ़ के रेलवे स्टेशनों का भी कायाकल्प करने जा रही है और राज्य के 30 से ज्यादा स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चिह्नित किया गया है. उन्होंने कहा कि इनमें से सात स्टेशनों के पुर्निवकास का शिलान्यास किया जा चुका है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग स्टेशन के साथ ही आज जगदलपुर स्टेशन का नाम भी इसी सूची में जुड़ गया है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जगदलपुर स्टेशन शहर का प्रमुख केंद्र बनेगा और यहां पर यात्री सुविधाओं को उन्नत बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों में राज्य के 120 से ज्यादा स्टेशनों पर मुफ्त वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.

उन्होंने कहा, ”छत्तीसगढ़ की जनता, हर बहन, बेटी और युवा के जीवन को सुगम बनाने के लिए भारत सरकार हर संभव प्रयास कर रही है. आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, उनसे छत्तीसगढ़ में प्रगति की गति तेज होगी, रोजगार के नये अवसर बढ़ेंगे और नए उद्यमों को प्रोत्साहन मिलेगा. मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आगे भी हम इसी गति से निरंतर छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाते रहेंगे. भारत का भाग्य बदलने में छत्तीसगढ़ भी अपनी बहुत बड़ी भूमिका अदा करेगा.” प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन की उपस्थिति की सराहना की और कहा कि वह राज्य के विकास के लिए चिंतित हैं.

कार्यक्रम से पहले जगदलपुर पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने शहर के मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की अधिकारियों ने बताया कि नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड का इस्पात संयंत्र 23,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ है. यह ग्रीनफील्ड परियोजना का संयंत्र है, जहां उच्च गुणवत्ता वाला इस्पात निर्मित होगा. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अंतागढ़ व ताड़ोकी के बीच नई रेल लाइन और जगदलपुर तथा दंतेवाड़ा के बीच डबल रेल लाइन परियोजना का भी लोकार्पण किया.

उन्होंने बोरीडांड-सूरजपुर रेल लाइन को दो-तरफा बनाने की परियोजना तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जगदलपुर स्टेशन के पुर्निवकास की आधारशिला रखी. प्रधानमंत्री ने ताड़ोकी-रायपुर डेमू रेल सेवा को झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर ‘कुनकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा खंड’ तक सड़क उन्नयन परियोजना का भी लोकार्पण किया. पिछले ढाई महीने के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की कांग्रेस शासित इस राज्य में यह चौथी यात्रा थी. राज्य में इस वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होने की संभावना है.

मेरी लिए गरीब ही सबसे बड़ी जाति और सबसे बड़ी आबादी है: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जाति आधारित गणना की विपक्षी दलों की मांग के बीच कांग्रेस पर ‘किसी भी कीमत पर’ देश के हिंदुओं को बांटने और ‘भारत को तबाह कर देने’ की चाहत रखने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि उनके लिए गरीब ही सबसे बड़ी जाति और सबसे बड़ी आबादी है.

कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी को उसके नेता नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे से ऐसे लोग चला रहे हैं, जो ‘राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ’ मिले हुए हैं. बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में भाजपा की ‘परिवर्तन महासंकल्प रैली’ को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर लोकतंत्र को ‘लूटतंत्र’ और प्रजातंत्र को ‘परिवारतंत्र’ में बदलने का आरोप लगाया.

प्रधानमंत्री ने कहा, ”कल से कांग्रेस ने एक अलग राग अलापना शुरू कर दिया है. कांग्रेस के नेता कहते हैं कि जितनी आबादी उतना हक है. मैं कहता हूं कि इस देश में अगर कोई सबसे बड़ी आबादी है, तो वह ‘गरीब’ की है. इसलिए मेरे लिए ‘गरीब’ ही सबसे बड़ी आबादी है और गरीब का कल्याण यही मेरा मकसद है.”

उन्होंने कहा, ”पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह क्या सोच रहे होंगे? मनमोहन सिंह जी कहते थे कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है और उनमें भी पहला अधिकार मुसलमानों का है. लेकिन अब कांग्रेस कह रही है कि आबादी तय करेगी कि किसे कितना अधिकार मिलेगा.” प्रधानमंत्री ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस मुसलमानों के अधिकारों को कम करना चाहती है? उन्होंने कहा, ”तो क्या अल्पसंख्यकों को कांग्रेस हटाना चाहती है? तो क्या सबसे बड़ी आबादी वाले हिंदू अब आगे बढ.कर अपने सारे हक ले लें?” उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अब कांग्रेस के लोग नहीं चला रहे हैं, क्योंकि उसके बड़े नेता मुंह बंद करके बैठे हैं.

उन्होंने कहा, ”अब कांग्रेस को पर्दे के पीछे से वे लोग चला रहे हैं, जिनकी देश विरोधी ताकतों से सांठगांठ है.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”कांग्रेस किसी भी कीमत पर देश के हिंदुओं को बांटकर, भारत को तबाह कर देना चाहती है. कांग्रेस गरीबों को बांटना चाहती है.” उन्होंने कहा कि पिछले करीब 10 सालों में उनकी सरकार ने ऐसी योजनाएं बनाई हैं, जिनसे गरीबों में फिर विश्वास पैदा हुआ.

उन्होंने कहा, ”मेरे लिए तो इस देश का गरीब ही सबसे बड़ी जाति है. यही सबसे बड़ी बिरादरी है. अगर गरीबों का भला हो गया, तो देश का भला अपने आप हो जाएगा.” उन्होंने कहा, ”कांग्रेस ने किसी अन्य देश के साथ अपने गुप्त समझौते का खुलासा नहीं किया है. समझौते के बाद कांग्रेस को भारत के खिलाफ बोलने में मजा आ रहा है. भारत की अच्छी बातों को बुरी तरह से पेश करने में मजा आ रहा है. ऐसा लगता है कि देश के प्रति उनका प्यार कम हो गया है.” प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ. की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि राज्य में चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है. छत्तीसगढ. में अपराध चरम पर है. हत्याओं के मामले में छत्तीसगढ. अग्रणी राज्यों में पहुंच चुका है.

उन्होंने कहा, ”कभी-कभी लगता है कि राजस्थान और छत्तीसगढ. के बीच इस मामले में स्पर्धा चल रही है कि कहां सबसे ज्यादा हत्याएं होती हैं? कहां सबसे ज्यादा लूट होती है? कहां सबसे ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार होते हैं? छत्तीसगढ. में विकास या तो पोस्टर और बैनरों में दिखता है या कांग्रेस के नेताओं की तिजोरी में.” प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले दिल्ली में जो सरकार थी उसे लेकर अखबारों में बड़े-बड़े घोटाले छाए रहते थे. पूरी दुनिया में देश का नाम बदनाम कर रखा था, लेकिन 2014 में देश ने कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंका और पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाई.

उन्होंने कहा कि आज घोटालों के बजाय दुनिया में भारत के गौरव की चर्चा हो रही है और दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य के बस्तर जिले में स्थित नगरनार इस्पात संयंत्र का लोकार्पण समेत 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के नहीं पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि उनको सरकार जाने की इतनी चिंता है कि उनके पास यहां आने के लिए समय नहीं है.
उन्होंने कहा, ”आज यहां देश के बहुत बड़े आधुनिक इस्पात कारखाने का लोकार्पण हुआ है. सभी को इस पर गर्व हो रहा है. लेकिन कांग्रेस वालों को नहीं हो रहा है. इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ. सरकार के एक भी मंत्री नहीं आए और ना ही मुख्यमंत्री आए.”

प्रधानमंत्री ने कहा, ” उनके नहीं आने के दो कारण हैं. एक, उनको सरकार जाने की इतनी चिंता है कि उनके पास यहां आने के लिए समय नहीं है. वह सरकार बचाने में लगे हैं. दूसरा कारण है कि यहां मोदी है. क्योंकि कोई आकंठ भ्रष्टाचार में डूबा है तब वह मोदी से आंख नहीं मिला सकता है. इसीलिए वह आने से डरते हैं.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती थी कि यहां इस्पात संयंत्र खुले क्योंकि वह भ्रष्टाचार करना चाहती थी. उन्होंने कहा कि इस संयंत्र से 50 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलेगा और इससे बस्तर की किस्मत बदलने वाली है.

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर लोकतंत्र को लूटतंत्र बनाने और प्रजातंत्र को परिवार तंत्र बनाने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही कथित लोक सेवा आयोग (पीएससी) घोटाले की जांच करवाने के साथ गुनहगारों को जेल भेजने का काम किया जाएगा.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस ने युवाओं को नौकरी देने का वादा किया और नौजवानों की नौकरी में घोटाला कर दिया. कांग्रेस के नेताओं ने पीएससी की र्भितयों के जरिये अपने बच्चों और रिश्तेदारों को ‘सेट’ कर दिया. इनकी पार्टी तो राजनीति में भी अपने ही बच्चों को ‘सेट’ करती है और नौकरियों में भी यही करती है.” उन्होंने कांग्रेस पर गो माता के नाम पर भ्रष्टाचार करने का भी आरोप लगाया.
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में केंद्र सरकार द्वारा आदिवासी, किसानों और महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए कार्यों और योजनाओं को जनता के सामने रखा और राज्य की कांग्रेस सरकार को बदलने की अपील की.

Related Articles

Back to top button