इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाने का वादा किया था लेकिन कुछ नहीं बदला: शाह का राहुल पर तंज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Apr 2024 09:06 PM
इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाने का वादा किया था लेकिन कुछ नहीं बदला: शाह का राहुल पर तंज
ऑडियो सुनें

भंडारा. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश से गरीबी समाप्त करने के संकल्प के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर यह कहते हुए रविवार को तंज कसा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी ऐसा करने (गरीबी हटाने) का वादा किया था, लेकिन न तो उनके (श्रीमती गांधी के) कार्यकाल में, न बाद में राजीव गांधी-नीत सरकार में कुछ हुआ. महाराष्ट्र के भंडारा जिले के साकोली कस्बे में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी कहा कि जब तक भाजपा राजनीति में है, वह न तो रोजगार और शिक्षा में आरक्षण हटाएगी, न ही किसी को ऐसा करने देगी.

उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी कहते हैं कि उनकी पार्टी गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम चलाएगी. वह (राहुल) पढ़ते नहीं हैं, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहूंगा कि उनकी दादी एवं तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी यही वादा किया था.” शाह ने कहा, ”वह (इंदिरा), उनके बेटे राजीव गांधी और बाद में सोनिया गांधी सभी सत्ता में आए और चले गए, लेकिन कुछ नहीं हुआ. हम राहुल गांधी के वादे पर कैसे भरोसा कर सकते हैं?” भाजपा ने भंडारा-गोंदिया लोकसभा क्षेत्र से मौजूदा सांसद सुनील मेंढे को मैदान में उतारा है. शाह ने राहुल पर यह अफवाह फैलाने का भी आरोप लगाया कि अगर भाजपा भारी बहुमत से जीतती है तो संविधान को खतरा हो सकता है.

उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी इस बारे में बात करते हैं कि अगर भाजपा तीसरी बार जीतती है तो संसद में बहुमत का दुरुपयोग कैसे करेगी. मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि पिछले दस वर्षों में भाजपा के पास बहुमत था और हमने बहुमत का इस्तेमाल अनुच्छेद 370 और तीन तलाक को हटाने के लिए किया.ह्व शाह ने लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र में किए गए वादों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा.

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी लोगों को गुमराह कर रहे हैं कि भाजपा सरकार नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण हटा देगी.
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, ह्लजब तक भाजपा राजनीति में है, वह न तो आरक्षण हटाएगी और न ही किसी को हटाने देगी.ह्व शाह ने कहा कि अगर केंद्र की भाजपा सरकार तीसरी बार सत्ता में आई तो वह छत्तीसगढ़ से नक्सली खतरे को हमेशा के लिए खत्म कर देगी.
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 1952 के लोकसभा चुनाव में भंडारा निर्वाचन क्षेत्र से बाबासाहेब आंबेडकर की हार सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मतदाता को एक रुपये और नमक का एक पैकेट देने जैसे अवैध तरीकों का इस्तेमाल किया था.

शाह ने लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषणापत्र की विभिन्न विशेषताओं पर प्रकाश डाला, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिन में जारी किया था. शाह ने कहा कि मोदी कई वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे लेकिन उन पर कभी भी ‘पांच पैसे के भ्रष्टाचार’ का भी आरोप नहीं लगा. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके विपरीत, कांग्रेस पार्टी ने 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले किये. राजकोषीय नीतियों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ”हमने (भाजपा सरकार) पिछले 10 साल के अपने कार्यकाल में अर्थव्यवस्था की उस खाई को पाटा जो कांग्रेस-नीत पूर्ववर्ती सरकारों के कारण तैयार हुई थी.” उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अगले पांच वर्षों में देश के समग्र विकास के लिए काम करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu