प्रदूषण फैलाने वाली निजी बसों के प्रवेश को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश: गोपाल राय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 17 Nov 2023 09:28 PM
प्रदूषण फैलाने वाली निजी बसों के प्रवेश को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश: गोपाल राय
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को परिवहन विभाग को शहर में प्रदूषण फैलाने वाली निजी बसों के प्रवेश को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. मंत्री ने सराय काले खां अंतरराज्यीय बस र्टिमनल पर वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों के कार्यान्वयन की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने पाया कि अन्य राज्यों की बसें केंद्र सरकार की क्रमिक प्रतिक्रिया कार्य योजना (जीआरएपी) के तहत बीएस चार श्रेणी के डीजल वाहनों पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन कर रही हैं.

राय ने संवाददाताओं से कहा,”हमने पाया है कि अन्य राज्यों की निजी बसें प्रतिबंध का उल्लंघन कर रही हैं. परिवहन विभाग को दिल्ली में इस तरह के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.” राय ने विशेषज्ञों के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि मौसमी दशाओं में मामूली सुधार होने से थोड़ी राहत मिल सकती है. उन्होंने एजेंसियों से सतर्क रहने का आग्रह किया.

केंद्र सरकार की वायु प्रदूषण नियंत्रण योजना ‘जीआरएपी’ राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक के 450 से अधिक हो जाने पर पांच नवंबर को लागू हुई थी, जिसके तहत निर्माण कार्य और प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था. जीआरएपी के अंतिम चरण (चौथे चरण) के तहत राजधानी में बीएस तीन श्रेणी के पेट्रोल और बीएस चार श्रेणी के डीजल वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. वहीं, आवश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu