
बोकारो/धनबाद. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार पर प्रहार करते हुए उसपर राज्य के मदरसों में बांग्लादेशियों को शरण देने तथा उनके लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, गैस कनेक्शन, राशन कार्ड और भूखंड सुनिश्चित करने का आरोप लगाया. नड्डा ने यह कहते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा कि वह ओबीसी के ‘चैंपियन’ बनना चाहते हैं. उन्होंने उनसे सवाल किया कि राजीव गांधी फाउंडेशन एवं राष्ट्रीय सलाहकार समिति में कितने ओबीसी सदस्य रहे हैं .
नड्डा ने कहा, ”अभी मुझे खुफिया रिपोर्ट मिली है. उसमें कहा गया है कि यहां (राज्य में) बांग्लादेशी घुसपैठियों को मदरसों में शरण दिया जाता है. उनके लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, गैस कनेक्शन एवं राशन कार्ड हासिल करना आसान बनाया गया. झामुमो नीत सरकार ने उनके लिए जमीन सुनिश्चित की.” उन्होंने बोकारो जिले के गोमिया में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ”हेमंत सोरेन ने झारखंड के ‘जल, जंगल, जमीन’ को लूटा. राज्य में बड़े पैमाने पर घुसपैठ हो रहा है. घुसपैठिये आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे हैं और उनकी जमीन हड़प रहे हैं. हम यह सुनिश्चित करने के लिए कानून लायेंगे कि उनकी (घुसपैठियों की) संतानें जमीन से वंचित हों. केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार ही घुसपैठ रोक सकती है.”
उन्होंने पूरे झामुमो-राजद-कांग्रेस गठबंधन को भ्रष्ट नेताओं का कुनबा बताया और कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता या तो जेल में हैं या जमानत पर. नड्डा ने आरोप लगाया, ”जमानत पर बाहर आये हेमंत सोरेन फिर जेल जाएंगे. वह 5,000 करोड़ रुपये के खनन घोटाले, 236 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले और कई अन्य घोटालों में लिप्त हैं.” उन्होंने कहा, ” हेमंत सोरेन सरकार ने ‘बांटो और राज करो’ की नीति का पालन किया, लोगों के बीच अशांति पैदा की. अब उसके सत्ता से विदाई का वक्त आ गया है. हम यहां सरकार बना रहे हैं.
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सोरेन सरकार ने लोगों के साथ विश्वासघात किया, राज्य को लूटा, वंशवादी राजनीति को बढ.ावा दिया. नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी अपने को ओबीसी के ‘चैंपियन’ के रूप पेश करने की चेष्टा कर रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस कार्यसमिति, राजीव गांधी फाउंडेशन और उनकी मां सोनिया की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय सलाहाकार समिति में कितने ओबीसी सदस्य रहे हैं.
स्वार्थ प्रेरित मंशा के चलते हुआ झामुमो-कांग्रेस-राजद का गठबंधन : जे पी नड्डा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन सरकार पर रविवार को प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि ”स्वार्थ प्रेरित मंशा” के चलते यह गठबंधन बना है जो वंशवादी एवं वोट बैंक की राजनीति की खातिर तुष्टीकरण को बढ.ावा देने में लगा है. उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर राज्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए विकास कार्य में अड़चन पैदा करने का भी आरोप लगाया.
नड्डा ने धनबाद जिले के सिंदरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन के पीछे स्वार्थ प्रेरित मंशा थी. यह (गठबंधन) आदिवासी, किसान और दलित विरोधी है. यह भ्रष्टाचार, वंशवाद और वोट बैंक की राजनीति के लिए तुष्टीकरण को बढ.ावा देता है.” हेमंत सोरेन सरकार पर घुसपैठ को बढ.ावा देने का आरोप लगाते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आई तो इस बात के लिए एक कानून बनाया जाएगा कि आदिवासी महिलाओं से शादी करने वाले घुसपैठियों की संतानों को जमीन का हस्तांतरण न हो.
उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार 4,000 करोड़ रुपये के जल जीवन मिशन घोटाले, 5000 करोड़ रुपये के खनन घोटाले और 236 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले में लिप्त हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झारखंड में विकास की रफ्तार बढ.ाने के लिए राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार के गठन का वक्त आ गया है.



