व्यापार सम्मेलन में 4.40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले: ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Feb 2025 07:59 PM
व्यापार सम्मेलन में 4.40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले: ममता
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि दो दिवसीय व्यापार शिखर सम्मेलन के दौरान राज्य को 4.40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. उन्होंने कहा कि राज्य निवेशकों के लिए ‘प्रमुख गंतव्य’ बना हुआ है.

बंगाल वैश्विक व्यापार शिखर सम्मेलन (बीजीबीएस) के समापन सत्र में बनर्जी ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में 212 समझौता ज्ञापनों और आशय पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए, जो निवेश स्थल के रूप में राज्य की क्षमता को उजागर करते हैं. उन्होंने कहा, ” दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान हमें 4,40,595 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इनसे पश्चिम बंगाल में रोजगार के हजारों अवसर उत्पन्न होंगे.” मुख्यमंत्री ने 2011 से अपनी सरकार के विकास प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन उपायों से राज्य में 1.72 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठने में मदद की है.

उन्होंने कहा, ” बुनियादी ढांचा, उद्योग और सामाजिक कल्याण पर हमारे निरंतर ध्यान से ये परिणाम आएं.” बीजीबीएस 2023 संस्करण में बनर्जी ने कहा था कि पश्चिम बंगाल को 3.76 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. मुख्यमंत्री ने पिछले शिखर सम्मेलनों की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले सात बीजीबीएस संस्करणों में 19 लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जिसमें से 13 लाख करोड़ रुपये का काम पहले ही पूरा हो चुका है.

उन्होंने कहा, ” यह महत्वपूर्ण प्रगति निवेश के वादों को पूरा करने के लिए राज्य की प्रतिबद्धता और एक व्यवसाय केंद्र के रूप में इसके बढ.ते आकर्षण को रेखांकित करती है.” इस वर्ष के शिखर सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण रिलायंस इंडस्ट्रीज की निवेश प्रतिबद्धता रही. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने दशक के अंत तक राज्य में 50,000 करोड़ रुपये निवेश करने का वादा किया है.
शिखर सम्मेलन में अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी हुईं, जिनमें कोलकाता के न्यू टाउन क्षेत्र में आईटीसी द्वारा कृत्रिम मेधा (एआई) के लिए एक वैश्विक उत्कृष्टता केंद्र का अनावरण भी शामिल है.

जेएसडब्ल्यू समूह के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने सालबोनी में 1,600 मेगावाट की बिजली परियोजना विकसित करने के लिए 16,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है. शिखर सम्मेलन में प्रमुख उद्योगपतियों, नीति निर्माताओं और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिससे पूर्वी भारत में एक प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में बंगाल की स्थिति मजबूत हुई.

बनर्जी ने बताया कि शिखर सम्मेलन में 20 भागीदार देश शामिल हुए और 20 अन्य देशों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल हुए.
मुख्यमंत्री ने कहा, ” अच्छी प्रतिक्रिया मिली. कल मुकेश अंबानी और सज्जन जिंदल जैसे प्रमुख उद्योगपतियों ने अपनी निवेश योजनाएं साझा कीं. मैंने उनसे अलग-अलग चर्चा की है और निवेश के बारे में और आश्वासन प्राप्त किया है.” बनर्जी ने बताया कि शिखर सम्मेलन में विभिन्न उद्योगों को प्रर्दिशत करने वाली 215 ‘स्टॉल’ वाली एक बड़ी प्रदर्शनी भी शामिल थी.

उन्होंने कहा, ” पिछले 14 वर्षों में हमारा बुनियादी ढांचागत विकास उल्लेखनीय रहा है. हम लोगों के बीच विभाजन पैदा नहीं करते. बंगाल, संस्कृति का हृदय है और इस शिखर सम्मेलन में 5,000 निवेशक और प्रतिनिधि शामिल हुए हैं.” मुख्यमंत्री ने कुछ विशिष्ट उपलब्धियों को भी साझा किया, जिसमें राज्य द्वारा ओएनजीसी को अशोकनगर में मात्र एक रूपये में भूमि उपलब्ध कराना भी शामिल है. अपने समापन भाषण में बनर्जी ने राज्य में हुई सामाजिक प्रगति का जिक्र किया और कहा कि बंगाल में एक करोड़ 72 लाख लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu