IPL 2020: डु प्लेसी और हेजलवुड के तूफान से जीता बेंगलोर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Jun 2023 09:45 PM
IPL 2020: डु प्लेसी और हेजलवुड के तूफान से जीता बेंगलोर
ऑडियो सुनें

नवी मुंबई. कप्तान फाफ डु प्लेसी के बड़े अर्धशतक के बाद जोश हेजलवुड की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को 18 रन से हराकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।

बेंगलोर की टीम ने कप्तान और सलामी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसी के 96 रन की बदौलत खराब शुरुआत से उबरते हुए छह विकेट पर 181 रन बनाए जिसके जवाब में लखनऊ की टीम जोश हेजलवुड (25 रन पर चार विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने आठ विकेट पर 163 रन ही बना सकी। हर्षल पटेल ने 47 रन देकर दो जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 11 रन देकर एक विकेट चटकाया। शाहबाज अहमद ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 25 रन दिए। लखनऊ की ओर से कृणाल पंड्या ने सर्वाधिक 42 रन बनाए।
डु प्लेसी ने 64 गेंद में दो छक्के और 11 चौके जड़े तथा आईपीएल में अपने सर्वाधिक स्कोर की बराबरी करने के अलावा शाहबाज अहमद (26) के साथ उस समय पांचवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की जब टीम आठवें ओवर में 62 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।

इस जीत से बेंगलोर की टीम के सात मैच में पांच जीत से 10 अंक हो गए हैं। गुजरात टाइटंस के भी 10 अंक हैं लेकिन बेहतर रन गति के कारण वह शीर्ष पर है। लखनऊ की टीम के सात मैच में आठ अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर चल रही है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ओवर में हेजलवुड की गेंद पर ंिक्वटन डिकॉक (03) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने पहली स्लिप में ग्लेन मैक्सवेल को कैच थमाया। मनीष पांडे भी छह रन बनाने के बाद हेजलवुड की गेंद पर हर्षल पटेल को कैच दे बैठे।

कप्तान लोकेश राहुल ने इस बीच कुछ आकर्षक शॉट खेले। उन्होंने मोहम्मद सिराज पर लगातार दो चौकों से शुरुआत की और फिर हेजलवुड पर विकेट के पीछे छक्का जड़ा। कृणाल पंड्या ने भी आते ही सिराज पर लगातार दो चौके मारे। टीम ने पावर प्ले में दो विकेट पर 44 रन बनाए।

हर्षल ने इसके बाद लखनऊ की टीम को बड़ा झटका दिया। कृणाल और राहुल उन पर एक-एक चौका जड़ चुके थे और एक वाइड गेंद भी चार रन के लिए चली गई लेकिन अंतिम गेंद पर उन्होंने लखनऊ के कप्तान को विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों कैच करा दिया। राहुल ने 24 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के से 30 रन बनाए।

कृणाल ने मोर्चा संभालते हुए शाहबाज और वांिनदु हसरंगा पर छक्के मारे। उन्होंने 13वें ओवर में टीम का स्कोर सौ रन तक पहुंचाया लेकिन सिराज के इसी ओवर में दीपक हड्डा (13) का डीप थर्ड मैन पर सुयष प्रभुदेसाई ने अच्छा कैच लपका। कृणाल भी इसके बाद मैक्सवेल की गेंद को सीधे डीप मिडविकेट पर शाहबाज के हाथों में खेल गए। उन्होंने 28 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे। लखनऊ की टीम को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 65 रन की दरकार थी। मार्कस स्टोइनिस ने हसरंगा पर छक्के के साथ रन गति में इजाफे का प्रयास किया।

स्टोइनिस ने हेजलवुड पर भी चौका मारा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने आयुष बडोनी (13) को कार्तिक के हाथों कैच करा दिया।
लखनऊ को अंतिम दो ओवर में 34 रन की जरूरत थी और हेजलवुड ने स्टोइनिस (24) को बोल्ड करके लखनऊ की जीत की रही सही उम्मीद भी तोड़ दी। हेजलवुड के इस ओवर में सिर्फ तीन रन बने। इससे पहले लखनऊ की ओर से जेसन होल्डर ने 25 जबकि दुष्मंता चमीरा ने 31 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। रवि बिश्नोई काफी महंगे साबित हुए जिन्होंने चार ओवर में 47 रन लुटाए और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। डु प्लेसी की पारी की बदौलत बेंगलोर की टीम अंतिम सात ओवर में 74 रन जोड़ने में सफल रही।

राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसे चमीरा ने सही साबित करते हुए पहले ओवर में ही सलामी बल्लेबाज अनुज रावत (04) और विराट कोहली (00) को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजा। रावत ने मिड आफ पर राहुल को कैच थमाया जबकि कोहली पहली ही गेंद को प्वाइंट पर दीपक हुड्डा के हाथों में खेल गए।

ग्लेन मैक्सवेल (11 गेंद में 23 रन, तीन चौके, एक छक्का) ने आते ही तेवर दिखाए और चमीरा के दूसरे ओवर में लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का मारा। उन्होंने कृणाल पंड्या पर भी चौका जड़ा लेकिन बाएं हाथ के इसी स्पिनर की गेंद पर होल्डर को कैच दे बैठे।
बेंगलोर की टीम ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 47 रन बनाए।

सुयश प्रभुदेसाई (10) ने बिश्नोई की फ्री हिट पर छक्का जड़ा लेकिन होल्डर की उछाल लेती गेंद को हवा में लहराकर कृणाल को कैच दे बैठे जिससे टीम का स्कोर चार विकेट पर 62 रन हो गया। डु प्लेसी ने हालांकि एक छोर संभाले रखा और बीच में कुछ आकर्षक शॉट खेले। उन्हें शाहबाज के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला। दोनों ने 12वें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया। डु प्लेसी ने बिश्नोई पर छक्के और फिर एक रन के साथ 40 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

शाहबाज 22 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब बिश्नोई ने अपनी ही गेंद पर पीछे की ओर दौड़ते हुए उनका मुश्किल कैच टपका दिया। शाहबाज हालांकि जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और रन आउट हो गए। बेंगलोर की टीम अंत में बड़े रन वाले ओवर नहीं ढूंढ सकी लेकिन डु प्लेसी ने होल्डर और आवेश पर चौके जड़ने के बाद बिश्नोई पर दो चौकों के साथ रन गति कम नहीं होने दी। कार्तिक ने 19वें ओवर में आवेश पर छक्का जड़ा लेकिन डु प्लेसी अंतिम ओवर में होल्डर की गेंद पर डीप बैकवर्ड स्क्वायर पर स्टोइनिस को कैच दे बैठे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu