वैश्विक मंच पर ‘भारतीयता’ को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है : सारा अली खान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 May 2023 08:26 PM
वैश्विक मंच पर ‘भारतीयता’ को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है : सारा अली खान
ऑडियो सुनें

अबू धाबी. बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान (27) ने कहा कि भारत कई भाषाओं, भावनाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक रूप से भी एक समृद्ध देश है और कान फिल्म महोत्सव जैसे वैश्विक मंच पर इसका प्रचार करना महत्वपूर्ण है. ‘अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार’ (आइफा) समारोह के दौरान उन्होंने इस बात का जिक्र किया. ‘केदारनाथ’, ‘सिंबा’ और ‘अतरंगी रे’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय करने वाली सारा ने इस महीने की शुरुआत में कान फिल्म महोत्सव के 76वें संस्करण में भी शिरकत की थी.

सारा ने आइफा अवार्ड समारोह के दौरान पीटीआई-भाषा से कहा, “मुझे लगता है कि ‘भारतीयता’ को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है. हम सांस्कृतिक रूप से समृद्ध देश हैं. हमारे पास इतनी सारी भाषाएं, भावनाएं और इतनी विविधताएं हैं और मुझे वैश्विक मंच पर इन चीजों के बारे में बात करने पर गर्व है.” उन्होंने कहा कि तीन शब्द उन्हें एक व्यक्ति के रूप में परिभाषित करते हैं- ‘महिला’, ‘अभिनेत्री’, तथा ‘भारतीय’ और मुझे इन तीनों पहलुओं का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला.

सारा ने कहा, “यहां, ऐसा बहुत कुछ है जो करना मुझे अच्छा लगेगा, चाहे वह क्षेत्रीय सिनेमा हो या विदेशी सिनेमा. हमारे देश में ऐसी कई भाषाएं हैं, जिनमें मैंने काम नहीं किया है और निश्चित रूप से हॉलीवुड फिल्मों में भी नहीं.” सारा की आगामी फिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ अगले महीने दो जून को सिनेमाघरों में प्रर्दिशत होगी. मैडॉक फिल्म्स और ‘जियो स्टूडियोज द्वारा निर्मित इस फिल्म में अभिनेता विक्की कौशल भी मुख्य किरदार में नजर आएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu