रोहित और कोहली के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का केवल एक प्रारूप में खेलना चुनौतीपूर्ण होगा: वॉटसन

नयी दिल्ली: आॅस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन का मानना ??है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए एकदिवसीय क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखना चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि अब वे केवल एक ही प्रारूप में खेलते हैं। आधुनिक क्रिकेट में टी20 का बोलबाला है जबकि भारत टेस्ट क्रिकेट भी खूब खेलता है, जिससे वनडे प्रारूप के लिए बहुत कम जगह बचती है। टी20 और टेस्ट से संन्यास लेने वाले रोहित और कोहली फरवरी-मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी के बाद अपना पहला मैच आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 अक्टूबर से शुरू होने वाली एक दिवसीय श्रृंखला में खेलेंगे।

किसी खिलाड़ी के लिए एक प्रारूप के क्रिकेटर के रूप में अपनी लय को बरकरार रखना मुश्किल होता है। इसका एक उदाहरण भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन हैं, जो एकदिवसीय टीम में अपनी जगह बरकरार नहीं रख सके। वॉटसन ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ‘‘विराट और रोहित के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सिफऱ् एक प्रारूप में खेलना एक चुनौती होगी। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ों का सामना करने के लिए उन्हें कुछ समायोजन करने होंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन विराट और रोहित चैंपियन खिलाड़ी हैं और उनकी संभावना को कभी खारिज नहीं किया जा सकता है। उन्हें लय हासिल करने में थोड़ा समय लग सकता है लेकिन एक बार इसे हासिल करने के बाद वे आॅस्ट्रेलिया के सामने कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं।’’

आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे श्रृंखला में सभी की निगाहें रोहित और कोहली के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी। यह श्रृंखला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इन दोनों के भविष्य को लेकर भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वॉटसन ने इसके साथ ही कहा कि आॅस्ट्रेलिया को भारत को हराने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘ भारतीय टीम इस समय अविश्वसनीय रूप से शानदार प्रदर्शन कर रही है और आॅस्ट्रेलिया को उसके विजय अभियान पर रोक लगाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। मुझे पूरा विश्वास है कि यह श्रृंखला काफी रोमांचक होगी।’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button